MLC बनने की चाहत में 17 लाख की ठगी, जानिए कैसे ठग चंद्र बहादुर मौर्य ने ऐंठे पैसे
MLC पद पाने की लालच में गंवाए 17 लाख
महिला से चंद्र बहादुर मौर्य ने की लाखों की ठगी
अलीनगर पुलिस ने दर्ज किया है मुकदमा
चन्दौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कैली गांव की रहने वाली एक महिला से एमएलसी (विधान परिषद सदस्य) का पद दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की ठगी की गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे झांसे में लेकर अलग-अलग किश्तों में यह रकम वसूली और अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। महिला की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला ने बताया कि 13 मई 2024 को चंदौली लोकसभा चुनाव के दौरान उसकी मुलाकात चंद्र बहादुर मौर्य नामक व्यक्ति से हुई थी। बातचीत के दौरान चंद्र बहादुर ने खुद को प्रभावशाली बताकर उसे एमएलसी पद दिलाने का दावा किया। उसने महिला से कहा कि प्रक्रिया शुरू करने के लिए पहले 22 हजार रुपये की रसीद कटवानी होगी। इस पर महिला ने पीडीडीयू नगर स्थित एक होटल में जाकर 22 हजार रुपये नगद दे दिये।
इसके बाद चंद्र बहादुर ने महिला के देवर और रिश्तेदारों से 6 लाख रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में ट्रांजेक्शन के जरिये 11 लाख रुपये और मंगवाए। इस तरह कुल 17 लाख 22 हजार रुपये एमएलसी पद दिलाने के नाम पर आरोपी ने ले लिये।
पीड़िता के मुताबिक, जब उसने रुपये वापस मांगे तो चंद्र बहादुर मौर्य फोन उठाना बंद कर दिया। कई बार कॉल करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। परेशान होकर महिला ने अलीनगर थाने में तहरीर दी।थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है।