डिवाइडर न होने से लगातार हो रहे हैं हादसे, नेशनल हाईवे की लापरवाही से स्कॉर्पियो एक्सीडेंट में आधा दर्जन

ओवरब्रिज के समीप डिवाइडर पर रेडियम बोर्ड अथवा चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए हैं। यही कारण है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
 

अनियंत्रित होकर डिवाइडर में लड़ी स्कॉर्पियो

हादसे में कई लोग घायल

स्थानीय लोग बोले-यह हादसा नेशनल हाईवे की लापरवाही करता है उजागर 

चंदौली जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पचफेड़वा के समीप सोमवार को एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में वाहन सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही नेशनल हाईवे की इमरजेंसी टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद अलीनगर पुलिस भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार, बिहार के भभुआ जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरोजपुर वार्ड नंबर 4 निवासी कलाव देवी का इलाज कराने के लिए उनके परिजन वाराणसी स्थित बीएचयू जा रहे थे। स्कॉर्पियो में फुल्जावरी, लालती देवी व सुनीता देवी समेत अन्य लोग सवार थे। जैसे ही वाहन पचफेड़वा के समीप ओवरब्रिज से गुजर रहा था, तभी अचानक चालक का नियंत्रण स्कॉर्पियो से हट गया और वाहन डिवाइडर से टकरा गया। गनीमत रही कि टक्कर अधिक भीषण नहीं थी, जिसके चलते सभी सवारों को हल्की चोटें आईं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि ओवरब्रिज के समीप डिवाइडर पर रेडियम बोर्ड अथवा चेतावनी चिन्ह नहीं लगाए गए हैं। यही कारण है कि यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने जिला प्रशासन और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण से मांग की है कि डिवाइडर पर रेडियम बोर्ड व चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो कभी भी बड़ा हादसा घटित हो सकता है। इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि घायल कुछ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।