एयर शो के दौरान चंदौली से वाराणसी जाने वाले कई रास्तों में बदलाव, पार्किंग और ट्रैफिक रूट जारी, आने जाने वाले जरुर पढ़ें ये खबर

 

वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले एयर शो को लेकर अधिकारियों ने अहम बैठक की। सुरक्षा, पार्किंग और ट्रैफिक डायवर्जन के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

 
 

नमो घाट एयर शो के लिए प्रशासनिक ब्रीफिंग

राजघाट और सामने घाट पुल पर रहेगा प्रतिबंध

पड़ाव क्षेत्र और रामनगर में पार्किंग व्यवस्था

बिहार और चंदौली से आने वाले वाहनों के लिए रूट

वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले भव्य एयर शो का आयोजन आगामी 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है। इस बड़े कार्यक्रम को पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला और पुलिस प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। इसी कड़ी में पड़ाव स्थित एस.टी.एम.आर. जयपुरिया स्कूल में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और सेक्टर-जोनल मजिस्ट्रेटों की एक अहम ब्रीफिंग आयोजित की गई। डीआईजी वाराणसी परिक्षेत्र वैभव कृष्ण, जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की संयुक्त उपस्थिति में रूट मैप, पार्किंग स्थल और सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।

सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के कड़े निर्देश
बैठक के दौरान एयर शो देखने आने वाली आम जनता की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए। डुमरी, सुजाबाद, कटेसर, बहादुरपुर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि कार्यक्रम के दौरान राजघाट पुल और सामने घाट पुल से वाराणसी की ओर सामान्य वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। चंदौली जिले के मुगलसराय और अलीनगर क्षेत्र से आने वाले वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे इन पुलों का प्रयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

वाहन चालकों के लिए बनाई गई विशेष पार्किंग व्यवस्था
एयर शो में आने वाले दर्शकों की सुविधा के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। दोपहिया वाहन गंगा नदी रिंग रोड पुल के मवई शिवाला अंडरपास से सीधे बहादुरपुर रोड पर बनाए गए निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किए जाएंगे। वहीं बिहार, चंदौली और अन्य जिलों से आने वाले चार पहिया वाहन रिंग रोड से पंचपेड़वा होते हुए अलीनगर और मुगलसराय के रास्ते पड़ाव क्षेत्र पहुंचेंगे। यहाँ चार पहिया वाहनों के लिए एफसीआई गोदाम, सनबीम स्कूल ग्राउंड और एस.आर.एन. स्कूल के पीछे का ग्राउंड तथा दोपहिया वाहनों के लिए एम्बिशन व एप्को ऑफिस ग्राउंड तय किया गया है। मुख्य मार्गों या प्रतिबंधित क्षेत्रों में गाड़ी पार्क करने पर सख्त कार्रवाई होगी।

वैकल्पिक मार्ग और आपातकालीन सेवाओं के निर्देश
पड़ाव क्षेत्र के पार्किंग स्थल भर जाने की स्थिति में बाहर से आने वाले चारपहिया वाहनों को वाराणसी के रामनगर स्थित लंका मैदान पार्किंग में भेजा जाएगा। वहीं जिन चालकों को एयर शो में नहीं जाना है और वे बाबतपुर, प्रयागराज या मिर्जापुर की ओर जा रहे हैं, वे एनएच-19 और रिंग रोड का उपयोग करें। यह प्रतिबंध कार्यक्रम के दिनों में सुबह 8 बजे से समाप्ति तक लागू रहेगा। आपातकालीन सेवाओं जैसे एम्बुलेंस और दमकल गाड़ियों के लिए निर्बाध रास्ता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया और यातायात प्रभारी सहित कई प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे।