GRP-RPF की संयुक्त कारर्वाई, DDU जंक्शन पर चांदी के गहने बरामद
डीडीयू जंक्शन पर चेकिंग के दौरान मिली सफलता
दो संदिग्ध व्यक्तियों को किया गया गिरफ्तार
बनारस से लाखों की चांदी लेकर जा रहे थे बिहार
आयकर विभाग करेगा मामले में कार्रवाई
चंदौली जिले के डीडीयू जंक्शन पर बुधवार, 13 अगस्त को सुबह करीब 10 बजे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने एक अहम कार्यवाही करते हुए चांदी के आभूषणों की बड़ी खेप बरामद की। यह कार्रवाई आरपीएफ पोस्ट डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार रावत एवं जीआरपी थाना डीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम में उप निरीक्षक अमरजीत दास, निशांत कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार सिंह, संतोष कुमार त्रिपाठी एवं जीआरपी से उप निरीक्षक संदीप कुमार शर्मा समेत अन्य स्टाफ शामिल थे।
गश्त व चेकिंग के दौरान टीम ने डीडीयू स्टेशन के पैदल पुल पर दो संदिग्ध व्यक्तियों को एक काले रंग के पिट्ठू बैग के साथ देखा। उनकी गतिविधियों पर संदेह होने पर जब उनसे पूछताछ की गई, तो वे टालमटोल करने लगे। शक गहराने पर बैग की तलाशी ली गई, जिसमें सफेद धातु के आभूषण बरामद हुए। दोनों व्यक्तियों को आरपीएफ पोस्ट लाकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपने नाम मनीष यादव (पियरी, वाराणसी) व प्रशांत कुमार वर्मा (मधनेश्वर, वाराणसी) बताए।
प्रशांत कुमार के बैग से कुल 8 पैकेट मिले, जिनमें 7 पैकेट में 194 चांदी की पायल और 1 पैकेट में 15 पंजा थे। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे यह आभूषण वाराणसी से लेकर बक्सर, बिहार जा रहे थे, लेकिन उनके पास इस संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं था। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना आयकर विभाग, वाराणसी को दी गई।
सूचना पर आयकर विभाग की टीम, जिसमें अधिकारी राजेश कुमार, सहायक प्रज्ञा कुमारी और मूल्यांकनकर्ता गिरधर गोपाल शामिल थे, मौके पर पहुंची। मूल्यांकन में कुल 8.506 किलोग्राम चांदी के आभूषण पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹4,47,817 आंकी गई। मूल्यांकन के बाद आयकर अधिकारी ने एक प्रमाण पत्र जारी किया।
अंततः दोनों व्यक्तियों एवं बरामद चांदी के आभूषणों को आगे की कार्रवाई हेतु आयकर विभाग को सुपुर्द कर दिया गया। इस संयुक्त कार्यवाही से अवैध ढंग से की जा रही कीमती धातु की तस्करी पर एक प्रभावी रोक लगाई गई है। आयकर विभाग इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई करेगा।