सोनू किन्नर चुनाव में आजमा रही हैं हाथ, लोगों से कर रही हैं बदलाव का वायदा
भीम आर्मी व स्वराज इंडिया ने दिया है समर्थन
प्रत्याशियों को बराबरी का टक्कर देने की बात
चेयरमैन प्रत्याशी सोनू किन्नर मांग रही हैं एक मौका
चंदौली जिले के मुगलसराय इलाके में सोनू किन्नर चुनाव में अपना हाथ आजमा रही हैं। कभी उपेक्षा के दृष्टि से देखे जाने वाले किन्नरों के प्रति धीरे-धीरे लोगों का नजरिया बदल रहा है।
इस समय नगरपालिका चुनाव में देखने को मिल रही है। नगर निकाय चुनाव में इस बार पालिका चेयरमैन पद के प्रत्याशी सोनू किन्नर को लोगों का समर्थन मिल रहा है। यहां के लोग भाजपा, कांग्रेस और सपा के प्रत्याशियों के साथ लोग सोनू किन्नर को भी हाथों हाथ ले रहे हैं। सोनू किन्नर अन्य प्रत्याशियों को बराबरी का टक्कर देने की बात कह रही हैं।
भीम आर्मी ने भी सोनू किन्नर को अपना समर्थन दे रखा है और उनके कार्यकर्ता इनके साथ घूमकर वोट मांग रहे हैं। स्वराज इंडिया के चंदौली इकाई प्रतिनिधि और वाराणसी के अध्यक्ष सतीश सिंह एवं आनंद बोधि व अन्य प्रतिनिधि सदस्यों द्वारा आपसी विमर्श और जनता के बीच व्यक्तिगत सर्वे के अनुसार मुगलसराय नगर पालिका चुनाव के चेयरमैन प्रत्याशी सोनू किन्नर को समर्थन करते हुए उनको वोट देने की अपील की है।
चंदौली जिले की एकमात्र नगर पालिका परिषद को अब पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर पालिका के नाम से जाना जाता है। इसके चेयरमैन पद के लिए कुल छह प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें बसपा, सपा, भाजपा और कांग्रेस के चार प्रत्याशियों के साथ दो निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में जोर आजमा रहे हैं। इसमें निर्दलीय दावेदार के रूप में चुनाव लड़ रहे सोनू किन्नर को लेकर इस नगर में चहुंओर चर्चा का माहौल है। सोनू को अन्य प्रत्याशियों की तरह लोग सम्मान दे रहे हैं। जैसे अन्य प्रत्याशियों के साथ लोग प्रचार में घूम रहे हैं उसी प्रकार सोनू किन्नर के साथ आठ-दस की संख्या में किन्नर हैं, बाकी नगर के कई युवा और अन्य लोग उनका समर्थन कर रहे हैं।
सोनू किन्नर खुद को अर्धनारीश्वर कहकर लोगों से सपोर्ट मांग रही हैं। देवों के देव महादेव का खुद का एक रूप अर्धनारीश्वर का है। अन्य लोगों का जन्म स्वार्थ के लिए हुआ है पर हमारा जन्म ईश्वर ने केवल और केवल खुशियां बांटने और आशीर्वाद देने के लिए दिया है। लोगों के साथ आने की बात पर सोनू की आंख भर आई और कहा नगर के लोग काफी इज्जत दे रहे हैं। अब लग रहा है कि हम भी समाज में समान के हकदार हैं।
वहीं लोगों का कहना है कि चुनाव लड़ने का अधिकार सबको है। सोनू किन्नर भी अपनी किस्मत आजमा रही हैं। हो सकता है लोग सारे दलों को नकार कर किसी किन्नर को ही नगर पालिका की चाबी सौंप दें।