सड़क से लेकर प्लेटफार्म तक कांवरियों की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम, PDDU जंक्शन पर 250 जवान तैनात

रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर कांवरियों के लिए चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी प्लेटफार्म पर स्वास्थ्य टीमों की अनिवार्य उपस्थिति रहेगी।
 

सावन शुरू होते ही कांवरियों की संख्या में तेजी से वृद्धि

250 जवान, 3 निरीक्षक और 15 उप निरीक्षक की तैनाती

प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में CCTV और ड्रोन से निगरानी

सावन भर चलेंगी विशेष ट्रेनें और बसें

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में सावन माह की शुरुआत के साथ ही कांवरियों की आवाजाही तेज होने लगी है। उनकी सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन और रेलवे ने विशेष इंतजाम किए हैं। सड़क मार्ग से लेकर रेलवे प्लेटफार्म और ट्रेनों तक कांवरियों की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने साफ कहा है कि सावन भर कांवरियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। पीडीडीयू जंक्शन पर तीन निरीक्षक, 15 उप निरीक्षक समेत 250 जवानों को तैनात किया गया है। आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था संभालेगी। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की तलाशी और निगरानी के लिए सघन जांच अभियान भी चलाया जा रहा है।

रेलवे स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर कांवरियों के लिए चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। सभी प्लेटफार्म पर स्वास्थ्य टीमों की अनिवार्य उपस्थिति रहेगी। यात्रियों को प्राथमिक चिकित्सा देने के लिए विशेष स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती की गई है।

सुरक्षा को चाक-चौबंद बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए डॉग स्क्वॉड और एसआइबी टीम भी सक्रिय रहेगी।

रेलवे और पुलिस अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। बुधवार को आरपीएफ और जीआरपी ने स्टेशन परिसर और प्लेटफार्म पर सघन जांच अभियान चलाया, हालांकि इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं मिला। मंगलवार की रात भी स्टेशन पर यात्रियों के बैग और सामान की तलाशी ली गई।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सावन के दौरान कांवरियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। उनके सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष ट्रेनें और बसें भी चलाई जाएंगी। प्रशासन ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की चूक न हो।

जिले के उच्चाधिकारियों ने कहा है कि सावन माह में कांवरियों की सेवा और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। हर विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो और उनकी यात्रा पूरी तरह सुरक्षित रहे।