मछली पकड़ते समय पोखरे में डूबा युवक, दर्दनाक मौत से परिवार में छाया मातम
चंधासी निवासी सुरेश चौहान की दामोदरदास पोखरा में डूबकर मौत
मछली पकड़ते समय फिसला पैर, गहरे पानी में गिरा
घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला शव
मौत से परिवार में मचा कोहराम
चंदौली जिले के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत दामोदरदास पोखरा में गुरुवार को मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान सुरेश चौहान (40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय नंदू चौहान, निवासी चंधासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेश पोखरे के किनारे कटिया डालकर मछली पकड़ रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह संतुलन खो बैठा, जिससे वह गहरे पानी में जा गिरा।
आपको बता दें कि तालाब की गहराई अधिक होने के कारण स्थानीय लोगों और गोताखोरों को शव खोजने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। सूचना मिलते ही मौके पर इंस्पेक्टर गगनराज सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। कई घंटे की कोशिशों के बाद सुरेश का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
इधर, घटना के बाद से सुरेश के परिवार में कोहराम मच गया है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा भी रही कि सुरेश बीते कुछ समय से पारिवारिक विवादों से मानसिक रूप से परेशान था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसने आत्महत्या की हो। हालांकि, पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे हादसा मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।