ग्राम प्रधान पर महिला शिक्षक का गंभीर आरोप: अंतरधार्मिक विवाह पर बयानबाजी भड़की महिला, DM-SP से की शिकायत
मुगलसराय की निजी स्कूल शिक्षिका दीपिका यादव ने ग्राम प्रधान फातिमा बेगम पर अंतरधार्मिक विवाह को लेकर सार्वजनिक अपमान का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद डीएम और एसपी ने पुलिस को निष्पक्ष जांच के सख्त निर्देश दिए हैं।
ग्राम प्रधान पर सार्वजनिक अपमान का आरोप
अंतरधार्मिक विवाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी
डीएम और एसपी से की शिकायत
शिक्षिका ने मांगी कड़ी कानूनी कार्रवाई
मुगलसराय पुलिस को जांच के निर्देश
चंदौली जिले के मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ताहिरपुर गांव की रहने वाली एक निजी विद्यालय की शिक्षिका दीपिका यादव ने मंगलवार को जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को एक लिखित प्रार्थना-पत्र सौंपा। इस पत्र के जरिए शिक्षिका ने गोपालपुर की ग्राम प्रधान फातिमा बेगम पर उनके अंतरधार्मिक विवाह को लेकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करने, मानहानिकारक टिप्पणी करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है।
'12 साल पहले आपसी सहमति से किया था विवाह'
शिकायतकर्ता दीपिका यादव ने अपने प्रार्थना-पत्र में स्पष्ट बताया कि लगभग 12 साल पहले उन्होंने अपनी स्वतंत्र इच्छा और पूरी वैधानिक कानूनी प्रक्रिया के तहत ईशान मिल्की से शादी की थी। इस विवाह को उनके और उनके पति के दोनों परिवारों ने पूरी सहमति और सम्मान के साथ स्वीकार किया है। दोनों परिवारों के बीच काफी अच्छे और सौहार्दपूर्ण संबंध हैं। उन्होंने बताया कि वे और उनके पति एक-दूसरे के धर्म और आस्था का पूरा सम्मान करते हुए सभी प्रमुख त्योहारों को आपस में मिल-जुलकर मनाते हैं।
बाजार के बीच अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप
शिक्षिका ने शिकायत में आरोप लगाया कि गोपालपुर बाजार में कई लोगों की मौजूदगी के बीच ग्राम प्रधान द्वारा उनके विवाह को लेकर जानबूझकर आपत्तिजनक और मानहानिकारक बातें कही गईं। इससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को बहुत गहरा धक्का लगा है और वे लगातार मानसिक तनाव से गुजर रही हैं। दीपिका ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि वे एक शिक्षिका हैं और समाज में उनकी अपनी पहचान है। इस तरह की बयानबाजी से उनका पेशेवर जीवन और पारिवारिक सुख-शांति दोनों प्रभावित हो रहे हैं।
निजी जिंदगी में बेवजह दखल देने की कोशिश
शिक्षिका ने दुख जताते हुए कहा कि उनकी निजी और पारिवारिक जिंदगी में बिना वजह लगातार हस्तक्षेप किया जा रहा है और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई है कि इस मामले की निष्पक्षता से जांच की जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि कोई किसी की निजी जिंदगी पर बेवजह हमला न कर सके।
एसपी ने मुगलसराय पुलिस को दिए सख्त निर्देश
शिक्षिका के पति ईशान मिल्की ने भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान सार्वजनिक जगहों पर उनके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करती हैं। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मिलकर पूरी बात रखी। डीएम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एएसपी ने मामला समझकर एसपी आकाश पटेल को अवगत कराया। एसपी ने तुरंत एक्शन लेते हुए मुगलसराय थाना प्रभारी को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाने का आदेश जारी किया है।