जमीन के बिना ही रेलवे ने करा दिया टेंडर, 19 महीने बाद भी निर्माण कार्य ठप
जमीन के अभाव में लटका क्रू लॉबी भवन निर्माण
पीडीडीयू मंडल में क्रू लॉबी नियंत्रण कक्ष के लिए जमीन की तलाश जारी
टेंडर के 19 महीने बाद भी शुरू नहीं हुआ काम
चंदौली जिले के पीडीडीयू रेल मंडल में संयुक्त गार्ड-चालक नियंत्रण कक्ष एवं प्रतीक्षालय (क्रू लॉबी) का अत्याधुनिक भवन अब तक अधर में लटका हुआ है। चौंकाने वाली बात यह है कि निर्माण के लिए अभी तक जमीन तय ही नहीं हुई, लेकिन रेलवे ने 19 महीने पहले ही 4.10 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया था।
सूत्रों के मुताबिक, पहले स्टेशन परिसर में भवन के लिए जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव भेजा गया था। बजट भी स्वीकृत हो गया और नवंबर 2023 में टेंडर हो गया। लेकिन बाद में स्थान बदलने का निर्णय हुआ और तब से जमीन का चयन अटका पड़ा है।
भीड़ से दूर शिफ्ट होना है क्रू लॉबी
वर्तमान में क्रू लॉबी का संचालन प्लेटफार्म संख्या दो पर पुराने भवन से हो रहा है। जगह की कमी और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इसे स्टेशन के पूर्वी छोर, प्लेटफार्म से बाहर स्थानांतरित करने की योजना बनी थी। यहां से लोको पायलट, सहायक लोको पायलट और गार्ड की ड्यूटी प्रबंधन, ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट, विश्रामालय और शुद्ध पेयजल जैसी सुविधाएं संचालित होती हैं।
तीन मंजिला भवन का प्रस्ताव
नई क्रू लॉबी का निर्माण तीन मंजिला प्रस्तावित है, जिसमें नियंत्रण कक्ष, विश्रामालय, शौचालय और अन्य सुविधाएं शामिल होंगी। पहले इसे स्टेशन परिसर के पूर्वी छोर पर बनाने पर विचार हुआ, लेकिन बाद में रेलवे ट्रैफिक अस्पताल के पास निर्माण की सहमति बनी। अब तक अंतिम निर्णय नहीं हो पाया है।
रेलवे का बयान
पीडीडीयू रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी विश्वनाथ ने बताया कि क्रू सेल लॉबी भवन के लिए जमीन चयन की प्रक्रिया चल रही है। जैसे ही स्थान तय होगा, निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।