पकवान गांव के समीप नहर में तैरती मिली है लाश, शव की पहचान करने में हो रही मशक्कत
नहर में अज्ञात शव बहने से ग्रामीणों में हड़कंप
अलीनगर पुलिस ने आसपास के लोगों से पहचान करने का किया प्रयास
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र के भूपौली चौकी अंतर्गत सराय पकवान गांव के समीप नहर में शनिवार की सुबह एक अज्ञात शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नहर में शव तैरता देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय लोगों ने अलीनगर पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। उसके शरीर पर साधारण कपड़े थे। शव को देखकर प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नहर में डूबने से हुई होगी, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। वहीं ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी दर्ज मामलों के आधार पर मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
इस संबंध अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।