रेलवे ट्रैक पर मिला अज्ञात शव, अलीनगर पुलिस ने शुरू की जांच
सुबह-सुबह रेलवे ट्रैक पर सनसनी
ग्रामीणों ने देखा अज्ञात शव
सूचना पर मौके पर पहुँची पुलिस टीम
मृतक की जेब से नहीं मिला कोई पहचान पत्र
पुलिस ने जारी की मृतक की फोटो
चंदौली जिले के अलीनगर थाना अंतर्गत जाफरपुरवा चौकी क्षेत्र में शनिवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब रेलवे लाइन के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। सुबह शौच के लिए निकले ग्रामीणों ने शव को देखकर इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस चौकी को दी। कुछ ही देर में चौकी प्रभारी गिरीश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
आपको बता दें कि पुलिस ने सबसे पहले मृतक की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन मौके पर कोई पहचान पत्र या अन्य सामान नहीं मिला। ग्रामीणों से भी मृतक की पहचान नहीं हो पाई। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भिजवा दिया।
इस संबंध में चौकी प्रभारी गिरीश राय ने बताया कि शव को देखने से प्रतीत होता है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से कटने के कारण हुई है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतक की फोटो जारी कर लोगों से पहचान में सहयोग की अपील की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के आसपास सुबह-शाम काफी लोग आवाजाही करते हैं। अचानक शव मिलने से क्षेत्र में दहशत और अफवाहों का माहौल बन गया।