64 स्वर्ण पदक के साथ वाराणसी प्रथम, चंदौली ने हासिल किया दूसरा स्थान

परिणामों में वाराणसी की टीम ने 64 स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं चंदौली ने 31 स्वर्ण पदक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गोरखपुर की टीम 3 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।
 

लक्ष्मी पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य आयोजन

विधायक प्रभुनारायण यादव बने मुख्य अतिथि

वाराणसी ने 64 स्वर्ण पदक जीतकर मारी बाजी

31 स्वर्ण पदकों के साथ चंदौली रहा दूसरे स्थान पर

चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर में उत्तर प्रदेश किक बॉक्सिंग स्टेट चैम्पियनशिप-2025 का भव्य आयोजन रविवार को लक्ष्मी पब्लिक स्कूल प्रांगण में हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

शुभारंभ के बाद विधायक ने विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और मेहनत से ही खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव है। चैम्पियनशिप के दौरान विभिन्न आयु श्रेणियों एवं वजन वर्गों में रोमांचक मुकाबले आयोजित हुए। प्रतिभागियों ने तकनीक, अनुशासन और ताकत का अद्भुत प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

निर्णायक मंडल ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षित निर्णायकों की देखरेख में निष्पक्ष तरीके से मुकाबलों का संचालन किया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

परिणामों में वाराणसी की टीम ने 64 स्वर्ण पदक जीतकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं चंदौली ने 31 स्वर्ण पदक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गोरखपुर की टीम 3 स्वर्ण पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रही।

प्रतियोगिता के समापन पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजेता प्रतिभागियों ने गर्व और आत्मविश्वास के साथ पदक ग्रहण किया।

इस मौके पर प्रभात कुमार, प्रेम यादव, राजेंद्र प्रसाद सिंह, संजय कुमार यादव, आकाश यादव, देवेश यादव, निकेतन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।