नेशनल हाईवे पर लापरवाही से जलभराव, एजेंसी की लापरवाही से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें
नेशनल हाईवे पर काम करने वाली एजेंसी नहीं दे रही है ध्यान
पुलिया के नीचे ढाई फीट व रोड पर एक फिट पानी भरने से ग्रामीणों को दिक्कत
गलत दिशा से आने-जाने से होता रहता है एक्सीडेंट
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एआरटीओ ऑफिस गंजख्वाजा के पास बने पुलिया पर लापरवाही के कारण भारी जलजमाव की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नेशनल हाईवे पर काम करने वाली एजेंसी की उदासीनता के चलते पुलिया के नीचे करीब ढाई फीट और सड़क पर लगभग एक फीट पानी जमा हो जाता है। इस जलभराव से न केवल वाहन चालकों को खतरा बना रहता है, बल्कि आसपास के आधा दर्जन गांवों के ग्रामीण भी रोजाना परेशान होते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जब भी बारिश होती है तो पानी निकलने का कोई उचित इंतजाम न होने से सड़क पर झील जैसी स्थिति बन जाती है। परिणामस्वरूप वाहन चालक मजबूर होकर गलत दिशा से आने-जाने लगते हैं, जिससे आए दिन एक्सीडेंट होने की संभावना बनी रहती है। कई बार छोटे-बड़े हादसे भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार एजेंसी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही।
गांववालों का आरोप है कि हाईवे जैसी महत्वपूर्ण सड़क पर ऐसी लापरवाही लोगों की जान के साथ खिलवाड़ करने के बराबर है। जलजमाव की वजह से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है और स्कूल जाने वाले बच्चों व बुजुर्गों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली से इस समस्या पर तुरंत संज्ञान लेने और संबंधित एजेंसी को सख्त निर्देश जारी कर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।