अलीनगर के रोहणा गाँव में मातम: करंट लगने से 22 वर्षीय सोनी की मौत, शादी के दो साल बाद ही उजड़ा परिवार
चंदौली के अलीनगर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने से एक 22 वर्षीय महिला की दुखद मौत हो गई। इस हादसे ने एक मासूम बच्चे को माँ से जुदा कर दिया और पूरे गाँव में मातम पसर गया है।
रोहणा गाँव में करंट से मौत
पंखे का प्लग लगाते समय हादसा
22 वर्षीय नवविवाहिता की गई जान
मासूम बच्चे के सिर से उठा साया
अस्पताल पहुँचने से पहले हुई मौत
चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहणा गाँव में शुक्रवार की दोपहर एक हृदय विदारक घटना घटी। यहाँ रहने वाले राधेश्याम बिंद की 22 वर्षीय पत्नी सोनी अपने घर के काम में व्यस्त थी। दोपहर करीब दो बजे जब वह घर में रखे एक पंखे का प्लग बोर्ड में लगा रही थी, तभी पंखे में उतरे तेज करंट ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। करंट इतना जोरदार था कि सोनी वहीं अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी।
मासूम के सिर से उठा साया
हादसे के समय घर के अन्य लोग दूसरे कामों में व्यस्त थे। कुछ देर बाद घर की एक छोटी बच्ची की नजर जमीन पर पड़ी सोनी पर गई, जिसके बाद उसने शोर मचाकर परिजनों को बुलाया। आनन-फानन में परिजन सोनी को जिला अस्पताल लेकर पहुँचे, लेकिन वहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी और उसका एक साल का छोटा बेटा है, जिसके सिर से अब माँ का साया हमेशा के लिए उठ गया है।
पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गाँव के लोग भी शोक में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला ने बताया कि महिला की मृत्यु पंखे का प्लग लगाते समय करंट लगने की वजह से हुई है।
पुलिस को परिजनों की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है, जिसके आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की जाँच जारी है।