नौगढ़ में सील हुए 12 अवैध अस्पताल, अब जनता पूछ रही- क्या फिर खुल जाएंगे ये झोलाछाप क्लीनिक?

 

चंदौली के नौगढ़ में सीएम जनसुनवाई पोर्टल पर मिली शिकायतों के बाद स्वास्थ्य विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी की है। टीम ने 12 अवैध क्लीनिकों को सील कर दिया और 2 अल्ट्रासाउंड सेंटरों को नोटिस थमाते हुए 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

सीएम पोर्टल की शिकायत पर बड़ी कार्रवाई

नौगढ़ क्षेत्र में 12 क्लीनिक सील

दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों को सख्त नोटिस

फरार डॉक्टरों पर दर्ज होगी एफआईआर

हर हफ्ते चलेगा औचक निरीक्षण अभियान

मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर लगातार मिल रही शिकायतों के बाद आखिरकार स्वास्थ्य विभाग की नींद टूट ही गई। विभाग ने तहसील क्षेत्र नौगढ़ में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने इलाके में चल रहे 12 झोलाछाप क्लीनिकों को पूरी तरह से सील कर दिया। इसके साथ ही, नियमों को ताक पर रखकर चल रहे दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों को नोटिस जारी कर सात दिन का कड़ा अल्टीमेटम दे दिया है। मरीजों की जान बचाने के लिए की गई यह कार्रवाई वाकई तारीफ के काबिल है।

टीम को देखते ही शटर गिराकर भागे डॉक्टर
मुख्यमंत्री पोर्टल पर मिली शिकायतों के बाद गुरुवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह और सीएचसी नौगढ़ के एआरओ रवि प्रकाश मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई। यह टीम भारी पुलिस बल के साथ अचानक तिवारीपुर, बाघी, नौगढ़, बरवाडीह और मझगावां समेत एक दर्जन से ज्यादा गांवों में छापेमारी करने पहुंच गई। सरकारी गाड़ियों और पुलिस को देखकर कई अवैध क्लीनिक संचालक तुरंत अपने शटर गिराकर मौके से रफूचक्कर हो गए। जांच के दौरान बिना किसी रजिस्ट्रेशन और जरूरी मानकों के चल रहे 12 चिकित्सा संस्थान रंगे हाथों पकड़े गए, जिन्हें तुरंत सील कर दिया गया।

इन बड़े संस्थानों और क्लीनिकों पर लगा ताला
जांच-पड़ताल के दौरान टीम को कई जगहों पर भारी कमियां मिलीं। तिवारीपुर में स्थित जीवनदायी डायग्नोस्टिक सेंटर और बाघी में स्थित वाराणसी डायग्नोस्टिक सेंटर नियमों के खिलाफ चलते पाए गए। इसके अलावा शिवम पैथोलॉजी, नौगढ़ में डॉ. सी.डी. सिंह का क्लीनिक, और बरवाडीह में डॉ. हामिद अंसारी, इमरान अंसारी, एम. अंसारी व डॉ. वीरेंद्र के क्लीनिक सहित कुल 12 संस्थानों पर स्वास्थ्य विभाग ने ताला जड़ दिया। इस कार्रवाई से पूरे इलाके के झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है।

7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो दर्ज होगी FIR
डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय सिंह ने इस कार्रवाई पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मरीजों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले किसी भी झोलाछाप को बख्शा नहीं जाएगा। जो संचालक छापेमारी के दौरान क्लीनिक बंद करके भाग गए हैं, उन्हें भी शॉर्ट नोटिस भेजा जा रहा है। अगर सात दिनों के अंदर उन्होंने रजिस्ट्रेशन के कागज और सही जवाब नहीं दिए, तो उनके क्लीनिक भी सील होंगे और उनके खिलाफ सीधे एफआईआर (FIR) दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने साफ किया कि अब हर हफ्ते ऐसे औचक निरीक्षण किए जाएंगे।

जनता का सवाल- क्या हमेशा के लिए बंद रहेंगे ये अवैध अस्पताल?
इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों के मन में एक बड़ा सवाल तैर रहा है। लोगों का कहना है कि ऐसी छापेमारी पहले भी हुई है, लेकिन कुछ दिनों बाद ये सील खुल जाती हैं और फिर से वही पुराना खेल शुरू हो जाता है। सीएचसी नौगढ़ के एआरओ रवि प्रकाश मिश्रा ने बताया कि सीएम पोर्टल पर अभी भी कई शिकायतें पेंडिंग हैं, जिन पर चरणबद्ध तरीके से ऐक्शन लिया जाएगा। विभाग ने लोगों से भी अपील की है कि वे झोलाछापों से इलाज न कराएं। अब देखना यह होगा कि क्या प्रशासन इस बार इन अवैध क्लीनिकों पर हमेशा के लिए ताला लगा पाता है या नहीं।