नौगढ़ में भीम आर्मी और ASP ने किया शक्ति प्रदर्शन

नौगढ़ में भीम आर्मी और ASP का शक्ति प्रदर्शन
अन्याय के खिलाफ आर पार की लड़ाई करने का ऐलान
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में आजाद समाज पार्टी (ASP) के जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार और भीम आर्मी के जिला संरक्षक मास्टर रामचंद्र राम के नेतृत्व में जबरदस्त जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान बहुजन समाज को संगठित करने, उनकी समस्याओं को सुनने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने पर जोर दिया गया। तेन्दुआ गांव के डॉ. अंबेडकर पार्क में पार्टी की सदस्यता अभियान चलाकर नए कार्यकर्ताओं को जोड़ा गया और उन्हें संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।
नर्वदापुर में होली दहन विवाद पर गरजी भीम आर्मी, अन्याय के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के नर्वदापुर गांव में हुए होली दहन विवाद पर भीम आर्मी और ASP नेताओं ने ग्रामीणों संग बैठक कर स्थिति का जायजा लिया। जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार ने स्पष्ट कहा कि बहुजन समाज को कमजोर करने की साजिश को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी अन्याय होगा, वहां भीम आर्मी और ASP मजबूती से डटे रहेंगे और कानूनी, सामाजिक व हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।
डॉ. अंबेडकर-कांशीराम के मिशन को धार, भीम आर्मी ने दी चेतावनी – अब लड़ाई निर्णायक होगी!
ग्राम सभा शमशेरपुर के औराही स्थित डॉ. अंबेडकर स्मारक स्थल पर विशाल जनसभा में भीम आर्मी और ASP नेताओं ने सामाजिक न्याय और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की। जिला संरक्षक मास्टर रामचंद्र राम ने कहा कि डॉ. अंबेडकर और मान्यवर कांशीराम के बताए रास्ते पर चलकर ही सामाजिक आज़ादी हासिल की जा सकती है।
उन्होंने बुद्ध विहार मुक्ति आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की और भीम आर्मी चीफ एवं नगीना सांसद एडवोकेट भाई चंद्रशेखर आजाद पर हुए हमले की कड़ी निंदा की। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि बहुजन समाज के नेताओं पर हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और अब यह लड़ाई निर्णायक होगी।
इस मौके पर मीडिया प्रभारी आकाश जाटव, तत्वदर्शी सम्यक महाराज गुरुजी, सिद्धार्थ प्राण बाहू, जिला उपाध्यक्ष मा़ अवधेश कुमार भारती, ब्लॉक अध्यक्ष सशांत कुमार, तहसील अध्यक्ष राजकुमार, विजय भाष्कर, पूर्व प्रधान कैलाश सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और समाज में फैली बुराइयों के खिलाफ निर्णायक संघर्ष का संकल्प लिया।