चकरघट्टा में सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर चला पुलिस का डंडा, 10 लोगों पर धारा 292 के तहत कार्रवाई

 

चंदौली के चकरघट्टा थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उपद्रव करने और बिना वजह घूमने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। चेकिंग अभियान के दौरान 10 लोगों का BNS की धारा 292 में चालान किया गया।

 
 

चकरघट्टा पुलिस का सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान

शराब पीकर घूमने वाले 10 लोगों पर कार्रवाई

धारा 292 BNS के तहत पुलिस ने किया चालान

शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर पुलिस सख्त

चकरघट्टा पुलिस टीम ने चलाया सघन अभियान

 चंदौली जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस लगातार एक्शन में है। इसी क्रम में थाना चकरघट्टा पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने और बेवजह घूमकर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया।

15 संदिग्धों से पूछताछ, 10 पर हुआ चालान
थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील इलाकों और सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 15 संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनसे पूछताछ और सत्यापन किया गया। आवश्यक काम से निकले लोगों को हिदायत देकर छोड़ दिया गया, जबकि शराब के नशे में घूम रहे 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 292 के तहत कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों के नाम
पुलिस कार्रवाई की जद में आए लोगों में देवदतपुर के भगवान दास, लोहारी के राजेश विश्वकर्मा, रामगढ़वा के रोहित, बगही के अंबरीश, भटवाडीह के विमलेश कुमार, गढ़वा के रामनिवास व जितेंद्र, बंजरिया के ओमप्रकाश, धुरिया के संजय और बगही के प्रदीप कुमार शामिल हैं। इनमें से कई आरोपी चंदौली तो कई पड़ोसी जिले सोनभद्र के रहने वाले हैं।

शांति व्यवस्था के लिए जारी रहेगा अभियान
थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह ने बताया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीना और माहौल खराब करना कानूनन अपराध है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए इस तरह का चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके।