चंदौली-सोनभद्र बॉर्डर पर डेढ़ लाख की 'लूट' या रंगदारी? बांस के डंडे व पिस्टल की कहानी में उलझी पुलिस
चंदौली और सोनभद्र की सीमा पर हुई डेढ़ लाख रुपये की कथित लूट की घटना उलझ गई है। पिस्टल सटाने के दावों के बीच पुलिस ने 5 लोगों पर रंगदारी का केस दर्ज किया है, लेकिन असली कहानी अब भी रहस्य बनी हुई है।
चंदौली-सोनभद्र सरहद पर वारदात
छोटू यादव समेत 5 पर केस
डेढ़ लाख रुपये लूटने का दावा
चकरघट्टा पुलिस कर रही जांच
पिस्टल के इस्तेमाल पर संशय
सोनभद्र और चंदौली जिले की सरहद पर स्थित धनकुंवारी गांव के पास एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन को चकराकर रख दिया है। चौखड़ा मार्ग पर एक पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है, जहां सोमवार की दोपहर एक कथित लूट की वारदात हुई। शुरुआत में खबर आई कि बदमाशों ने पिस्टल तानकर ठेकेदार के मुंशी से डेढ़ लाख रुपये और सोने की चेन लूट ली। लेकिन जैसे-जैसे समय बीत रहा है, यह मामला सुलझने के बजाय और ज्यादा रहस्यमयी होता जा रहा है।
पिस्टल के दावे पर पुलिस को अब भी शक
वारदात के बाद घायल पक्ष, यानी ठेकेदार विनीत सिंह के मुंशी ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास पिस्टल थी। उन्होंने मुंशी के सिर पर पिस्टल सटाकर नकदी छीनी और विरोध करने पर पिस्टल के बट से मारकर उसे घायल कर दिया। हालांकि, पुलिस इस थ्योरी को पूरी तरह स्वीकार नहीं कर रही है। चकरघट्टा थाना स्तर से साफ कहा जा रहा है कि मौके पर मौजूद मजदूरों और चश्मदीदों के बयान दर्ज होने के बाद ही साफ होगा कि हमला लाठी-डंडों से हुआ था या सच में पिस्टल चमकाई गई थी।
छोटू यादव समेत पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज
इस पूरे मामले ने तब नया मोड़ ले लिया जब पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चकरघट्टा पुलिस ने सोनभद्र जिले के नगपुर निवासी छोटू यादव और उसके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ रंगदारी वसूलने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस की टीमें अब नामजद आरोपी छोटू यादव और उसके मददगारों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
लूट, रंगदारी या कुछ और? पुलिस तलाश रही जवाब
मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस किसी अंतिम नतीजे पर पहुंचने से बच रही है। पुलिस का मानना है कि मामला सीमावर्ती इलाके का है और यह केवल एक सामान्य आपराधिक घटना नहीं, बल्कि आपसी विवाद या पुरानी रंजिश भी हो सकती है। पुलिस अधिकारी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों को खंगाल रहे हैं। सरहद पर हुई इस कथित लूट और रंगदारी की घटना को लेकर दोनों जिलों के सीमावर्ती गांवों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जिससे पुलिस पर भी जल्द से जल्द सच सामने लाने का दबाव बढ़ गया है।