DFO बी. शिव शंकर ने पेश की इंसानियत की मिसाल: घायल वनकर्मियों से मिलकर बोले- 'आपने सीना चौड़ा कर दिया'
नौगढ़ के भरदुआ में अतिक्रमणकारियों से लोहा लेकर घायल हुए वनकर्मियों का हाल जानने खुद DFO बी. शिव शंकर पहुँचे। उन्होंने जांबाज जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि पूरा विभाग उनकी बहादुरी पर गर्व करता है।
नौगढ़ पहुँचे DFO बी. शिव शंकर
घायल जवानों से मिलकर हुए भावुक
लाठी खाई पर नहीं छोड़ी जमीन
वनकर्मियों की बहादुरी पर जताया गर्व
22 साल में नहीं देखा ऐसा जज्बा
अक्सर देखा जाता है कि बड़े अधिकारी सिर्फ फोन पर हाल-चाल ले लेते हैं या औपचारिक निरीक्षण करके लौट जाते हैं। लेकिन शुक्रवार को डीएफओ (DFO) रामनगर बी. शिव शंकर ने अफसरी छोड़कर इंसानियत की एक नई मिसाल पेश की। नौगढ़ के भरदुआ में वन भूमि बचाते समय घायल हुए जवानों का हाल जानने के लिए वे बिना किसी तामझाम या प्रोटोकॉल के सीधे उप वन प्रभाग नौगढ़ के जयमोहनी रेंज कैंपस पहुँच गए।
घायल जवानों से मिलकर भावुक हुए अधिकारी
डीएफओ को अचानक अपने बीच पाकर घायल वनकर्मियों की आंखें भर आईं। अपने जांबाज जवानों की हालत देखकर डीएफओ बी. शिव शंकर भी भावुक हो गए। उन्होंने नम आंखों से जवानों का हौसला बढ़ाते हुए कहा, "आज आप लोगों ने अपनी बहादुरी से पूरे वन विभाग का सीना चौड़ा कर दिया है। आपकी इस हिम्मत पर हम सभी को गर्व है।"
'लाठी खाई लेकिन जमीन का एक इंच टुकड़ा नहीं दिया'
डीएफओ ने अतिक्रमणकारियों से डटकर मुकाबला करने वाले वन दरोगा प्रशांत कुमार, राजेंद्र सोनकर, वनरक्षक प्रेम सिंह, जेपी यादव, सुरेश यादव और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी महेंद्र सिंह यादव, मंजू देवी, कमलेश, वीरेंद्र व पारस से एक-एक करके बात की। उन्होंने सभी को फल भेंट किए और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने हाथ जोड़कर कहा कि जवानों ने अपनी जान दांव पर लगाकर सरकारी वन भूमि की रक्षा की है और लाठियां खाने के बाद भी जमीन नहीं छोड़ी।
कर्मचारियों में जगा नया जोश और भरोसा
डीएफओ के इस संवेदनशील और अपनत्व भरे कदम की पूरे जिले में काफी तारीफ हो रही है। उनके इस रवैये से न सिर्फ घायल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि पूरे डिवीजन के 500 से ज्यादा वनकर्मियों में एक नया जोश और सुरक्षा का भरोसा जगा है। रेंज अधिकारी जयमोहनी अमित श्रीवास्तव ने कहा कि उन्होंने अपनी 22 साल की सेवा में ऐसा जज्बा और एकता पहली बार देखी है। इस मौके पर वन क्षेत्राधिकारी नौगढ़ संजय कुमार श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी मझगांई मोहन कुमार सिंह सहित तीनों रेंज का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।