CHC नौगढ़ का बदल रहा स्वरुप, टूटी दीवार की जगह बनेगा 200 मीटर लंबा सुरक्षा कवच, नया बनेगा मेन गेट
चंदौली के सीएचसी नौगढ़ में वर्षों पुरानी जर्जर बाउंड्रीवाल को गिराकर 200 मीटर नई मजबूत दीवार का निर्माण शुरू हो गया है। आयुष्मान भारत योजना से बन रही इस दीवार से अस्पताल और आवासीय परिसर सुरक्षित होंगे।
सीएचसी नौगढ़ में बाउंड्रीवाल निर्माण शुरू
करीब 200 मीटर नई दीवार बनेगी
आयुष्मान भारत योजना से होगा कायाकल्प
अस्पताल का मुख्य गेट भी बदलेगा
डॉक्टरों की आवासीय कॉलोनी होगी सुरक्षित
चंदौली जिले के नौगढ़ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) की तस्वीर अब तेजी से बदलने जा रही है। वर्षों से टूटी और जर्जर बाउंड्रीवाल की समस्या झेल रहे इस अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए अब ठोस कदम उठाया गया है। अस्पताल प्रशासन ने पुरानी कमजोर दीवार को पूरी तरह ध्वस्त कर उसकी जगह करीब 200 मीटर लंबी नई और मजबूत दीवार का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया है। इस नई बाउंड्रीवाल के बन जाने से सीएचसी सिर्फ इलाज का केंद्र ही नहीं, बल्कि एक सुरक्षित और व्यवस्थित परिसर के रूप में नजर आएगा।
जर्जर दीवार से बनी रहती थी आवारा पशुओं और असामाजिक तत्वों की समस्या
आपको बता दें कि सीएचसी परिसर की पुरानी बाउंड्री कई जगहों से पूरी तरह टूट चुकी थी। खुला परिसर होने के कारण अस्पताल में दिन-रात आवारा पशु घूमते रहते थे। इसके साथ ही असामाजिक तत्वों का भी बेरोक-टोक आना-जाना लगा रहता था। इस स्थिति की वजह से अस्पताल में इलाज कराने आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और दिन-रात ड्यूटी करने वाले डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा डर बना रहता था।
अस्पताल का मुख्य गेट भी बदलेगा
नई बाउंड्री के निर्माण के साथ-साथ सीएचसी नौगढ़ के मेन गेट को भी नया और आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इससे अस्पताल में गाड़ियों के आने-जाने की व्यवस्था सुधरेगी और सामने का दृश्य भी खूबसूरत दिखाई देगा। इसके अलावा, सीएचसी परिसर के अंदर बनी डॉक्टरों और कर्मचारियों की आवासीय कॉलोनी भी अब सुरक्षित हो जाएगी। टूटी दीवार के कारण पहले स्वास्थ्यकर्मियों के घरों की सुरक्षा पर भी खतरा रहता था, लेकिन अब पूरे अस्पताल और उसकी संपत्तियों को मजबूत सुरक्षा कवच मिलेगा।
आयुष्मान भारत योजना से शुरू हुआ काम, अंदर के सुधार की भी उम्मीद
सीएचसी नौगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत करीब 200 मीटर नई बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाउंड्री के साथ ही मुख्य गेट को भी मजबूत और सुसज्जित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम से नौगढ़ और आसपास के हजारों ग्रामीणों को एक सुरक्षित माहौल मिलेगा। लेकिन इसके साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या बाहरी ढांचा बदलने के बाद अस्पताल के अंदर की स्वास्थ्य सुविधाओं में भी इसी तरह का सुधार देखने को मिलेगा?