चकरघट्टा थाना क्षेत्र में महिला के साथ छेड़खानी, खेत में काट रही थी साग 
 

बुधवार को शाम करीब 6 बजे वह खेत में सरसों का साग काट रही थी। तभी आरोपी युवक अचानक वहां पहुंच गया और मौका पाकर उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा।
 

कई नंबरों से करता रहता था कॉल

कॉल करके करता था गंदी-गंदी बातें

खेत में अकेली देखकर खींचने लगा हाथ

मोबाइल बना है जी का जंजाल

लगातार धमकियों से तनाव में थी पीड़िता

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में चकरघट्टा थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रही युवती के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। थाने पहुंची युवती ने पुलिस को बताया कि गांव का ही एक युवक कई दिनों से अलग-अलग नंबरों से  कॉल करके मोबाइल पर गंदी बातें कर रहा था, शिकायत करने पर गंभीर अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहा था। युवती के अनुसार, फोन बंद करने और नंबर बदलने के बाद भी आरोपी दूसरे नंबरों से परेशान करता रहा, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद तनाव में थी।

आपको बता दें कि बुधवार को शाम करीब 6 बजे वह खेत में सरसों का साग काट रही थी। तभी आरोपी युवक अचानक वहां पहुंच गया और मौका पाकर उसका हाथ पकड़कर खींचने लगा। विरोध करने पर उसने गंदी गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया। युवती के चीखने पर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी खेत छोड़कर भाग निकला। ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी की हरकतें पहले भी विवाद का कारण बन चुकी हैं।

पीड़िता बोली—‘डर के कारण चुप थी, खेत की घटना ने हिम्मत तोड़ दी’

पीड़िता ने थाना पुलिस को बताया कि आरोपी महीनों से फोन पर परेशान कर रहा था, लेकिन परिवार और समाज के डर से वह शिकायत करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही थी। खेत की घटना के बाद वह घबरा गई और सीधा थाने पहुंची। युवती ने कहा कि आरोपी लगातार कहता था—“पुलिस के पास गई, तो जान से मार दूंगा।”

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की कॉल डिटेल्स और लोकेशन खंगाल रही टीम

चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने चंदौली समाचार को  बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी की कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन और पिछले विवादों की भी जांच कराई जा रही है। पुलिस टीम ने आरोपी की गतिविधियों की निगरानी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष का कहना है—“दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”