सोनभद्र-नौगढ़ बॉर्डर पर मौत बनकर घूम रहे आवारा कुत्ते, लहूलुहान महिला 24 घंटे से जिंदगी-मौत से जूझ रही
नौगढ़ के धन कुंवारी कला गांव में पागल कुत्ते ने 65 वर्षीय कलपती देवी पर खौफनाक हमला कर दिया। कुत्ते ने पैर जबड़े में दबाकर 10 मीटर तक घसीटा, जिससे मांस बाहर निकल आया। 12 टांके लगने के बाद महिला भर्ती है।
नौगढ़ में पागल कुत्ते का खौफनाक हमला
वृद्धा को 10 मीटर तक घसीटा
पैर का मांस निकला बाहर, 12 टांके
सोनभद्र-नौगढ़ बॉर्डर पर ग्रामीणों में दहशत
चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों आवारा और पागल कुत्तों का आतंक चरम पर है। विकास के तमाम दावों के बीच यहां आम इंसान की सुरक्षा पूरी तरह से भगवान भरोसे नजर आ रही है। ताजा सनसनीखेज मामला चकरघट्टा थाना क्षेत्र के धन कुंवारी कला गांव से सामने आया है, जहां जंगल की तरफ से आए एक पागल कुत्ते ने 65 वर्षीय वृद्धा पर जानलेवा हमला कर दिया।
सड़क पर 10 मीटर तक घसीटा, पैर का मांस फटा
धन कुंवारी कला गांव की रहने वाली 65 वर्षीय कलपती देवी रविवार सुबह-सुबह जंगल के रास्ते अपने खेत की तरफ जा रही थीं। रास्ता पूरी तरह सुनसान था। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे एक खूंखार पागल कुत्ते ने अचानक उन पर पीछे से हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के दाहिने पैर को अपने नुकीले जबड़े में कसकर जकड़ लिया और करीब 10 मीटर तक सड़क पर घसीटता चला गया। इस हमले में पैर का मांस बुरी तरह फटकर बाहर निकल आया और महिला दर्द से चीखने लगीं।
ग्रामीणों ने बचाई जान, 108 एंबुलेंस से पहुंचीं अस्पताल
वृद्धा की चीख-पुकार सुनकर पास के जंगल में मवेशी चरा रहे स्थानीय युवक लाठी-डंडे लेकर मौके की ओर दौड़े। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद लाठियों से प्रहार कर कुत्ते को भगाया और महिला को उसके जबड़े से छुड़ाया। अत्यधिक खून बहता देख ग्रामीणों ने मौके पर ही गमछे से पैर को कसकर बांधा। इसके बाद पीड़िता के नाती पंकज ने 108 एंबुलेंस को फोन कर उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ पहुंचाया।
12 टांके लगे, 24 घंटे की गहन निगरानी में पीड़िता
नौगढ़ CHC की इमरजेंसी में तैनात डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि घाव बेहद गहरा और जानलेवा है। अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी राहुल सिंह ने जख्म पर 12 टांके लगाए और मरीज को एंटी-रेबीज, टिटनेस के साथ-साथ आवश्यक दवाइयों का हाई डोज दिया है। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें 24 घंटे के लिए ऑब्जर्वेशन वार्ड में भर्ती रखा है।
बॉर्डर के गांवों में दहशत, नेताओं पर भड़के लोग
बताया जा रहा है कि सोनभद्र-नौगढ़ बॉर्डर से सटे धन कुंवारी, मझगई, हथियानी सहित दर्जनों गांवों में आवारा कुत्तों के झुंड का खौफ फैला हुआ है। दहशत के कारण बच्चे स्कूल जाने से कतरा रहे हैं और किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव में बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि इस संकट की घड़ी में सुध लेने नहीं पहुंचे। आक्रोशित ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी से मांग की है कि तत्काल टीम भेजकर पागल कुत्तों को पकड़ा जाए।