नौगढ़ में वन कर्मचारियों का धरना तीसरे दिन भी रहा जारी, मांगों को लेकर लगाते रहे नारा

दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के वाराणसी के मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ यादव  ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारियों का रवैया कर्मचारियों की मांगों को सुलझाने का नहीं है।
 

सीनियारिटी लिस्ट बनाने को लेकर हो रहा धरना

जैमोहनी रेंज पर बैठे हैं धरनारत कर्मचारी

विभागीय अधिकारियों की मनमानी के विरोध में नारेबाजी

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में न्यूनतम दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ ने अपनी मांगों व समस्याओं के निराकरण लिए जैमोंहनी रेंज कार्यालय‌ के परिसर में बुधवार को तीसरे दिन भी धरना जारी रखा। विभागीय अधिकारियों की मनमानी के विरोध में नारेबाजी भी की। धरने में विशेष रूप से संगठन के जिला संरक्षक रमाशंकर सिंह यादव और मंडल अध्यक्ष वाराणसी विश्वनाथ यादव उपस्थित रहे। धरने की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष भोरिक यादव ने की।

दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी संघ के वाराणसी के मंडल अध्यक्ष विश्वनाथ यादव  ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारियों का रवैया कर्मचारियों की मांगों को सुलझाने का नहीं है। इससे कर्मचारियों में काफी आक्रोश है। कर्मचारियों की मांगों को न माने जाने पर उनको मानसिक व आर्थिक नुकसान हो रहा है।

जिला संरक्षक रमाशंकर सिंह ने कहा कि वन विभाग के  अधिकारियों के द्वारा संगठन को दिया गया आश्वासन अब तक लीपापोती व टालमटोल वाला रहा है। हम प्रभागीय वनाधिकारी रामनगर से मांग करते हैं कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की जायज मांगों का शीघ्र समाधान किया जाए अन्यथा हमें मजबूरन संघर्ष को तेज करना होगा। इसकी जिम्मेदारी अधिकारी व प्रशासन की होगी।

जिलाध्यक्ष भोरिक यादव ने कहा कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के साथ सुंयोजित तरीके से सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। वन विभाग में तैनात दैनिक  कर्मचारियों का ना तो वरिष्ठता सूची बनाई जा रही है, ना ही उनका विनियमितीकरण किया जा रहा है। संगठन के पदाधिकारी ने इसके लिए कई बार तत्कालीन डीएफओ और वर्तमान डीएफओ दिलीप श्रीवास्तव से भी वार्ता किया है। अधिकारियों के द्वारा केवल आश्वासन दिया जा रहा है।
 इस अवसर पर मंजूदेवी, गोल्डी, रामखेलावन, चंद्रशेखर, राम सुभाष, जयप्रकाश, रामलाल, रामसेवक, महेंद्र यादव, हसन, समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।