चंदौली में शादी का हाई-वोल्टेज ड्रामा: जाली नोट और नकली जेवर से टूटी शादी, दूल्हा मंडप से पहुंच गया थाने
चंदौली के नौगढ़ में शादी की खुशियां उस वक्त मातम और हंगामे में बदल गईं जब दूल्हे द्वारा चढ़ाए गए जेवर नकली पाए गए। 500 के नोटों की गड्डी पर भी सवाल उठे, जिसके बाद पुलिस ने दूल्हे और उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया।
नकली जेवरों ने तोड़ा शादी का सपना
मंडप से हवालात पहुँचा दूल्हा रिंकू
500 के नोटों की गड्डी पर विवाद
पुलिस को देख बारातियों में मची भगदड़
बिना दुल्हन के बैरंग लौटी बारात
चंदौली जिले नौगढ़ तहसील क्षेत्र में बीती रात एक ऐसी शादी चर्चा का विषय बन गई, जहाँ शहनाइयों की गूँज पुलिस की सायरन में बदल गई। मिर्जापुर से बड़े ही ठाट-बाट के साथ आई बारात को उस समय शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा जब दूल्हे पक्ष की धोखाधड़ी की पोल सबके सामने खुल गई। आलम यह रहा कि जिस दूल्हे को डोली लेकर जाना था, वह मंडप से सीधे हवालात पहुँच गया।
डीजे की धुन और भव्य स्वागत: जयमाल तक सब था ठीक
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर जनपद के अहरौरा थाना क्षेत्र से बारात नौगढ़ आई थी। बारात के आगमन पर माहौल काफी खुशनुमा था। डीजे की तेज धुन पर बाराती जमकर थिरक रहे थे और आतिशबाजी के बीच घरातियों ने दूल्हे का भव्य स्वागत किया। द्वार पूजा की रस्म संपन्न हुई और स्टेज पर जयमाल के दौरान दूल्हा-दुल्हन की तस्वीरें खींची गईं। उस वक्त तक किसी को भी आने वाले तूफान का अंदाजा नहीं था।
मंडप में खुली 'नकली जेवरों' की पोल
विवाद की शुरुआत मंडप में शादी की मुख्य रस्मों के दौरान हुई। दूल्हा पक्ष की ओर से दुल्हन को चढ़ाने के लिए जो जेवर दिए गए, उन्हें घर की अनुभवी महिलाओं ने गौर से देखा। जांच-पड़ताल में पता चला कि वे जेवर असली सोने के नहीं बल्कि पूरी तरह नकली थे। जैसे ही यह खबर फैली, मंडप में हंगामा खड़ा हो गया। दुल्हन पक्ष ने इसे सीधे तौर पर विश्वासघात और धोखाधड़ी करार दिया।
नकली नोटों की गड्डी ने बढ़ाया गुस्सा
हंगामा अभी शांत भी नहीं हुआ था कि रस्मों के दौरान दिए जा रहे 500 रुपये के नोटों की गड्डी पर भी सवाल उठने लगे। चर्चा फैल गई कि गड्डी में कई नोट नकली या संदिग्ध हैं। इस बात ने आग में घी का काम किया और घरातियों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। महिलाओं और परिजनों ने दूल्हा पक्ष को घेर लिया और मौके पर ही 108 नंबर पुलिस को सूचना दे दी गई।
बारातियों में मची भगदड़, बाप-बेटे पहुँचे थाने
जैसे ही पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुँची, माहौल पूरी तरह बदल गया। अपनी गर्दन फंसती देख कई बाराती रात के अंधेरे में ही मौका पाकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने मौके से दूल्हे रिंकू, उसके पिता और कुछ करीबी रिश्तेदारों को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले आई।
बैरंग लौटी बारात
जिस शादी की चर्चा पूरे क्षेत्र में धूमधाम की वजह से थी, वह धोखाधड़ी के आरोपों के कारण टूट गई। अंततः बारात बिना दुल्हन के ही बैरंग लौट गई। फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों की बात सुन रही है और नकली जेवर व संदिग्ध नोटों के मामले की गहराई से जांच कर रही है। अब दूल्हा और उसका पिता पुलिस की गिरफ्त में हैं और विधिक कार्रवाई का सामना कर रहे हैं।