नौगढ़ में इंडियन ऑयल का ग्रामीण संपर्क कार्यक्रम: गैस सुरक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष जोर
सेमरा कुसही पंचायत भवन में आयोजित हुआ ग्रामीण संपर्क कार्यक्रम
60वीं वर्षगांठ के मौके पर उपभोक्ताओं से सीधा संवाद
स्वास्थ्य टीम ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच और पोषण पर दी सलाह
सहायक प्रबंधक बोले– सुरक्षित रसोई ही स्वस्थ परिवार की गारंटी
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में सेमरा कुसही पंचायत भवन में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने अपनी 60 वीं वर्षगांठ के अवसर पर ग्रामीण संपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर वाराणसी मंडल के उपमहाप्रबंधक श्री अब्दुल लतीफ ने उपभोक्ताओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही उनके समाधान हेतु वितरक अधिकारियों को निर्देशित किया।
कार्यक्रम में आए सहायक प्रबंधक श्री अनूप गुप्ता ने उपभोक्ताओं को गैस उपयोग से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा— “गैस का सही उपयोग न केवल रसोई को सुरक्षित बनाता है बल्कि यह पूरे परिवार को धुएं से होने वाली गंभीर बीमारियों से भी बचाता है। हमारी प्राथमिकता है कि हर उपभोक्ता तक सुरक्षित और आसान सुविधा पहुंचे।” उनके वक्तव्य पर ग्रामीणों ने तालियों से समर्थन दिया।
महिलाओं की भारी भागीदारी
गुरु इंडेन गैस एजेंसी द्वारा लगाए गए सेफ्टी क्लिनिक व केवाईसी कैंप में सैकड़ों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। गैस सिलेंडर की सुरक्षा जांच, पाइप और रेगुलेटर की समय-समय पर देखभाल और गैस लीकेज की पहचान जैसे मुद्दों पर लाइव डेमो दिया गया। महिलाओं ने इसे बेहद उपयोगी बताया और कहा कि अब वे गैस का उपयोग और भी आत्मविश्वास के साथ करेंगी।
स्वास्थ्य टीम की मौजूदगी
कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। टीम ने महिलाओं की स्वास्थ्य जांच करते हुए समझाया कि धुएं से होने वाली आंखों की जलन, फेफड़ों की बीमारी और बच्चों में सांस की तकलीफ जैसी समस्याओं से बचने का सबसे सुरक्षित उपाय एलपीजी गैस है। डॉक्टरों ने दवाइयों के साथ पोषण और स्वच्छता पर भी विशेष सुझाव दिए।
चंदौली समाचार से महिलाओं ने साझा किया अनुभव
सेमरा कुसही गांव की सविता देवी ने कहा— “पहले लकड़ी के धुएं में आंखें जलती थीं और बच्चों को भी खांसी होती थी, अब गैस से खाना बनाना बहुत आसान और सुरक्षित लगता है।” वहीं रेखा देवी ने बताया— “आज यहां जो सुरक्षा संबंधी बातें समझाई गईं, वह हमारे लिए बहुत जरूरी थी। अब हम गैस की देखभाल सही तरीके से कर पाएंगे।”इंडियन ऑयल के अधिकारियों ने बुजुर्ग महिलाओं को रसोई से संबंधित बर्तन और उपकरण भेंट कर सम्मानित किया। ग्राम प्रधान गुरु प्रसाद यादव ने सभी अधिकारियों और मेडिकल टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए बेहद जरूरी हैं।