जलेबिया मोड़ से गूंजेगा 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान का शंखनाद, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर करेंगे पौधारोपण महायज्ञ का शुभारंभ

 

चकिया-नौगढ़ मार्ग स्थित जलेबिया मोड़ के पास रविवार को एक बड़ा वृक्षारोपण महाअभियान होने जा रहा है। यूपी के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर और डीएम चंद्र मोहन गर्ग की मौजूदगी में 10 हेक्टेयर में पौधे रोपे जाएंगे।

 
 

जलेबिया मोड़ पर होगा बड़ा कार्यक्रम

कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर आएंगे चंदौली

10 हेक्टेयर में होगा भारी पौधारोपण

वन विभाग ने बनाया वॉटरप्रूफ पंडाल

बच्चों के स्वागत गीत से होगा आगाज

चकिया-नौगढ़ मार्ग पर स्थित जलेबिया मोड़ रविवार को पूरे जिले की सबसे बड़ी वीआईपी और पर्यावरण गतिविधि का मुख्य केंद्र बनने जा रहा है। देशव्यापी 'एक पेड़ मां के नाम' महाअभियान के तहत चंद्रप्रभा रेंज की निमिया रोपावनी में एक मेगा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस भव्य कार्यक्रम के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर का मिनट-टू-मिनट आधिकारिक प्रोटोकॉल भी जारी हो गया है।

10 हेक्टेयर में रोपे जाएंगे हजारों पौधे
शेड्यूल के मुताबिक, रविवार सुबह 11 बजे चंद्रप्रभा रेंज में स्थित निमिया रोपावनी के 10 हेक्टेयर बड़े क्षेत्रफल में इस वृक्षारोपण महायज्ञ की शुरुआत की जाएगी। सूबे के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर चंदौली के जिलाधिकारी (IAS) चन्द्र मोहन गर्ग मौजूद रहेंगे। इनके अलावा स्थानीय विधायक कैलाश आचार्य और प्रभागीय वनाधिकारी (IFS) बी. शिव शंकर भी इस अभियान का हिस्सा बनेंगे।

बारिश के अलर्ट के बीच वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार
इन दिनों मौसम विभाग द्वारा बारिश की चेतावनी दी गई है, जिसे देखते हुए वन विभाग ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर एक विशाल वॉटरप्रूफ पंडाल खड़ा कर दिया गया है। मंच से लेकर वीआईपी दीर्घा, गाड़ियों की पार्किंग और पौधारोपण क्षेत्र की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। चंद्रप्रभा वन्यजीव विहार के क्षेत्राधिकारी (रेंजर) अखिलेश दुबे खुद ग्राउंड पर रहकर युद्धस्तर पर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

बच्चों के स्वागत गीत और पूजा से होगी शुरुआत
तय प्रोटोकॉल के अनुसार, मुख्य अतिथि के आगमन के बाद माल्यार्पण, दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत समारोह किया जाएगा। इसके बाद चकिया के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राएं सरस्वती वंदना, वन देवी गीत और स्वागत गीत की सुंदर प्रस्तुति देंगे। अतिथियों के संबोधन और विधिवत पूजा-अर्चना के बाद सभी अतिथि मिलकर सामूहिक पौधारोपण करेंगे। कार्यक्रम के अंत में एक आम भंडारे का भी आयोजन किया गया है। डीएफओ बी. शिव शंकर ने आम जनता से भी इस अभियान में जुड़ने की अपील की है।