नौगढ़ के बीहड़ जंगल में 3 दिन से लापता चरवाहा बरामद, पुलिस ने ड्रोन से खोज निकाला

चंदौली के नौगढ़ में 22 बकरियां चराने जंगल गए लौवारी निवासी रामलाल रास्ता भटक गए। 3 दिन तक घने जंगलों में फंसे रहने के बाद पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से उन्हें सुरक्षित खोजकर परिजनों को सौंप दिया।
 

नौगढ़ के जंगल में 3 दिन लापता चरवाहा मिला

ड्रोन कैमरे की मदद से हुआ बड़ा सर्च ऑपरेशन

22 बकरियां लेकर जंगल गए थे लौवारी के रामलाल

चंद्रप्रभा चौकी पुलिस ने सुरक्षित परिजनों को सौंपा

नेटवर्क न होने से बीहड़ में भटके थे रास्ता

चंदौली जिले के नौगढ़ इलाके में स्थित लौवारी गांव के रहने वाले रामलाल गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अपनी 22 बकरियों को चराने के लिए जंगल की तरफ निकले थे। देर शाम होने के बाद जब बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन रामलाल वापस नहीं पहुंचे, तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत आसपास और जंगल के रास्तों पर उनकी तलाश शुरू कर दी।

बारिश और नेटवर्क न होने से बढ़ी मुश्किलें
लगातार हो रही बारिश के कारण जंगल के रास्ते बेहद फिसलन भरे और दुर्गम हो गए थे। इसके साथ ही बीहड़ जंगल में मोबाइल नेटवर्क काम न करने से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था। अंदेशा जताया जा रहा था कि रामलाल खराब मौसम की वजह से रास्ता भटक गए हैं। परिजनों ने तुरंत घटना की सूचना चंद्रप्रभा चौकी पुलिस को दी।

रामलाल के साथ परिजन व नौगढ़ पुलिस

पुलिस ने ड्रोन कैमरे से चलाया सर्च ऑपरेशन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए जंगल में गहन छानबीन शुरू की। पुलिस ने ग्राम लेडहा के आसपास ड्रोन कैमरे की मदद से घने जंगलों का कोना-कोना खंगालना शुरू किया। लगातार चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आखिरकार रविवार की सुबह लेड़हा के घने जंगलों में रामलाल को ड्रोन की मदद से लोकेट कर लिया गया।

रामलाल को सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द किया
पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद तीन दिन से जंगल में फंसे रामलाल को सुरक्षित बाहर निकाला और उनके परिजनों को सौंप दिया। इस दौरान हेड कांस्टेबल मो. गुफरान और सतीश यादव समेत कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे। रामलाल को सही-सलामत पाकर परिजनों की आंखों से आंसू छलक पड़े और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।