स्कूल बैग लेकर निकला कक्षा 6 का छात्र लापता, दो दिन बाद भी सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने दर्ज की गुमशुदगी
चंदौली के सोनवार गांव से कक्षा छह का 12 वर्षीय छात्र दिलशाद स्कूल बैग लेकर लापता हो गया। दो दिन बीतने के बाद भी सुराग न मिलने पर मझगाई चौकी पुलिस तलाश में जुटी है।
स्कूल बैग लेकर निकला छात्र लापता
दो दिन से दिलशाद की तलाश
मझगाई पुलिस चौकी में गुमशुदगी दर्ज
परिजनों को सता रही अनहोनी आशंका
चकरघट्टा थाना क्षेत्र की घटना
चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सोनवार गांव का रहने वाला 12 वर्षीय किशोर दिलशाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। दिलशाद गांव के ही निवासी ताहिर अली का पुत्र है और कक्षा छह में पढ़ाई करता है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, उसी समय दिलशाद अपना स्कूल बैग लेकर चुपचाप घर से बाहर निकल गया। सुबह उठने पर परिवार के लोगों को लगा कि वह रोजाना की तरह स्कूल गया है।
शाम तक घर नहीं लौटा तो शुरू हुई खोजबीन
जब शाम होने के बाद भी दिलशाद वापस घर नहीं पहुंचा, तो परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने तुरंत गांव के आसपास, रिश्तेदारों के घरों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश शुरू की। हर जगह काफी खोजबीन करने के बावजूद जब किशोर का कोई सुराग नहीं मिल सका, तो परिवार में हड़कंप मच गया। दो दिन बीत जाने के बाद भी मासूम का कोई पता न चलने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है और किसी अनहोनी की आशंका को लेकर लगातार परेशान है।
मझगाई चौकी में दर्ज कराई गई गुमशुदगी
थक-हारकर परिजनों ने मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। परिजनों ने मझगाई पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने तुरंत गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की टीमें अब छात्र के आने-जाने वाले रास्तों, संभावित ठिकानों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश में जुट गई हैं। परिजनों और ग्रामीणों ने भी आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को भी दिलशाद के बारे में कोई जानकारी मिले, तो वे तुरंत स्थानीय पुलिस या परिवार को सूचित करें।