राजदरी जलप्रपात पर हुआ पौधारोपण, विधायक ने भी लगाया एक पेड़ मां के नाम
 

विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए धरती को हरा-भरा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिक संताने पैदा करने के बजाय ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं।
 

आम जनता को दिया पौधरोपण का संदेश

पौधे लगाने के लिए लोगों को किया प्रेरित

चकिया विधायक बोले- पर्यावरण संतुलन को धरती को हरा-भरा रखना जरूरी

चंदौली जिले में काशी वन्य जीव प्रभाग रामनगर वाराणसी के तत्वावधान में 1 से 7 जुलाई तक चलाए जा रहे वन महोत्सव अभियान के अंतिम दिन रविवार को आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने पौधों को रोपित कर दूसरों को भी पोधरोपण के लिए प्रेरित किया।

राजदरी जलप्रपात पर आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक के अलावा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष चकिया गौरव श्रीवास्तव तथा  स्थानीय लोग मौजूद थे। सभी ने पीपल, पाकड़ और बरगद का एक- एक पौधा लगाया।

इस दौरान विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए धरती को हरा-भरा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिक संताने पैदा करने के बजाय ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाएं। उन्होंने पेड़-पौधों की सुरक्षा और एक पौधा मां के नाम पर लगाने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि पेड़ पौधों की सुरक्षा हम अपने बच्चों की तरह करें तभी पौधरोपण का मकसद पूरा होगा।

वन क्षेत्राधिकारी चंद्रप्रभा योगेश कुमार ने कहा कि बढ़ती आबादी और घटती हरियाली के कारण कई समस्याएं पैदा हो रहीं हैं। मौसम का चक्र गड़बड़ा गया है। बरसात कम होने लगी है। गर्मी बढ़ रही है अगर अभी न चेते तो आने वाले समय में यह समस्या भयावह रूप ले लेगी। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पेड़ों की सुरक्षा करने का भी आह्वान किया।

पौधरोपण कार्यक्रम में वन दरोगा रामचरित्र, वन दरोगारिशु चौबे, वन दरोगा संदीप गोंड  के अलावा बडी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद थे। मालूम हो कि वन विभाग चंद्रप्रभा सेंचुरी को वेटलैंड और हरित पट्टी के रूप में विकसित कर रहा है।