नौगढ़ में चुनावी हिंसा की आहट: चकरघट्टा के बसौली में हवाई फायरिंग, पूर्व प्रधान पति पर मुकदमा दर्ज
चंदौली जिले के नौगढ़ में पंचायत चुनाव की तपिश रंजिश में बदल गई है। चकरघट्टा के बसौली गांव में शनिवार रात हवाई फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर पूर्व प्रधान पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
बसौली गांव में चुनावी टकराव
पूर्व प्रधान पति पर हवाई फायरिंग का आरोप
जान से मारने की धमकी पर FIR
चकरघट्टा पुलिस ने शुरू की जांच
चुनावी माहौल में गांव में बढ़ा तनाव
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में चकरघट्टा थाना क्षेत्र के बसौली गांव में शनिवार की रात पंचायत चुनाव की दौड़ में शामिल लोगों के बीच भयंकर तनाव और विवाद सामने आया है। पूर्व ग्राम प्रधान के पति, सूर्य प्रकाश सिंह यादव पर पीड़ित कैलाश यादव की तहरीर पर हवाई फायरिंग और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा लिखा गया है। घटना ने बसौली गांव में चुनावी माहौल को और गर्मा दिया है।
चुनावी टकराव में विवाद की आग
आपको बता दें कि सूर्य प्रकाश सिंह यादव, जो कि सैनिक रह चुके हैं और उनकी पत्नी पहले गांव की प्रधान रह चुकी हैं, बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर किसी टिप्पणी को लेकर दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए हैं। दोनों पक्ष पंचायत चुनाव में प्रधान पद की दौड़ में हैं। आरोप है कि विवाद गाली-गलौज से शुरू हुआ और धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि सूर्य प्रकाश ने कट्टा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दे दी। वहां तनावपूर्ण माहौल बन गया।
हवाई फायरिंग का आरोप, थाने की तहरीर पढ़िए
चकरघटृटा थाना में दर्ज मुकदमा के अनुसार आरोपी ने दो बार हवाई फायर किए। आवाज सुनकर आस-पास से लालबरत, दिलीप, विपिन और रामविलास व अन्य लोग तत्काल सुरक्षा के लिए इकट्ठा हुए। फायरिंग के कारण कुछ लोगों को हल्की चोट लगने का अंदेशा व्यक्त किया गया है। हालांकि, पुलिस के अनुसार किसी को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन घटना ने गांव में डर और तनाव की लकीर खींच दी। ग्रामीणों का कहना है कि घटना चुनावी रंजिश और व्यक्तिगत विवाद दोनों का मिलाजुला नतीजा है। पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी चकरघटृटा का कहना है कि तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। सच्चाई के लिए मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। आरोपी रिटायर्ड सैनिक हैं और उनकी पत्नी पहले ग्राम प्रधान रह चुकी हैं। पुलिस ने साफ कहा कि सामाजिक प्रतिष्ठा या राजनीतिक पृष्ठभूमि कानून से ऊपर नहीं है। सभी पक्षों को मौका दिया जाएगा और जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी होगी। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी भी तरह की हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चुनावी माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।
गांव के लोगों का कहना है कि वर्तमान में ग्राम प्रधान पप्पू का सरकारी कामकाज आरोपी के भाई जयप्रकाश सिंह उर्फ शेरू यादव देख रहे हैं। इस कारण ग्रामीणों में मामले को लेकर चर्चा और तनाव दोनों देखने को मिल रहे हैं। सीओ नामेन्द्र कुमार ने बताया कि बसौली गांव में अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके।