नौगढ़ के भैसौड़ा बांध पर युवक को जहरीले सांप ने डसा, अस्पताल में ऐसे बचायी गयी जान

चंदौली के नौगढ़ में भैसौड़ा बांध के पास शौच के लिए गए युवक को जहरीले सांप ने डस लिया। समय रहते परिजनों द्वारा अस्पताल पहुंचाए जाने और एंटी स्नेक वेनम मिलने से युवक की जान बच गई।

 
 

भैसौड़ा बांध के पास बड़ा हादसा

शौच के दौरान जहरीले सांप ने डसा

परिजनों की मुस्तैदी से बची जान

सीएचसी नौगढ़ में कराया गया भर्ती

एंटी स्नेक वेनम के बाद आया होश

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ अंतर्गत चकरघट्टा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां भैसौड़ा बांध के समीप शौच के लिए गए एक युवक को अत्यधिक विषैले सांप ने डस लिया। सांप के काटते ही जहर के असर से युवक मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। इस घटना के बाद से ही पीड़ित के परिवार और पूरे ग्रामीण इलाके में हड़कंप मच गया।

आंधी-बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठने पर हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भैसौड़ा गांव का निवासी अजमत रोज की तरह भैसौड़ा बांध की ओर गया हुआ था। इसी दौरान क्षेत्र का मौसम अचानक खराब हो गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश की तेज बौछारों से खुद को बचाने के लिए अजमत बांध के नीचे स्थित घने पेड़ों की छांव में जाकर बैठ गया। इसी बीच वहां छिपे एक विषैले सांप ने उसके पैर में डस लिया, जिससे कुछ ही मिनटों में उसकी हालत गंभीर हो गई।

काफी देर तक न लौटने पर परिजनों ने शुरू की खोजबीन
काफी समय बीत जाने के बाद भी जब अजमत घर वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। खोजबीन करते हुए जब परिजन बांध के समीप पहुंचे, तो अजमत वहां बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। परिजनों ने बिना एक पल गंवाए तत्काल सरकारी एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से अचेत युवक को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बिना देरी किए आपातकालीन उपचार शुरू किया।

एंटी स्नेक वेनम देने के बाद युवक को आया होश
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में तैनात चिकित्सक डॉ. सत्य सिंह ने मुस्तैदी दिखाते हुए युवक का प्राथमिक उपचार किया और उसे तत्काल एंटी स्नेक वेनम (ASV) का हैवी डोज दिया। डॉक्टरों की कड़ी मेहनत के बाद करीब दो घंटे बाद युवक को होश आया और उसकी चेतना वापस लौटी। डॉ. सत्या सिंह ने बताया कि युवक की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यदि अगले कुछ घंटों में उसके स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा।