नौगढ़ में रेंजर अमित श्रीवास्तव का एक्शन, फिल्मी अंदाज में पीछा कर वन विभाग ने पकड़े अवैध बोल्डर लदे दो ट्रैक्टर

 

चंदौली के नौगढ़ में रेंजर अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर वन विभाग ने फिल्मी अंदाज में पीछा कर अवैध बोल्डर लदे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा है। वनकर्मियों को देखकर घबराए चालक चालू हालत में ही वाहन छोड़कर जंगल में फरार हो गए।

 
 

नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर वन विभाग का फिल्मी अंदाज में एक्शन

जयमोहनी पोस्ता गांव के चोरमरमा नाले के पास कार्रवाई

वनकर्मियों को देख चालू ट्रैक्टर छोड़कर जंगल में भागे चालक

बिना वैध कागजात और परमिट के हो रहा था बोल्डर का परिवहन

रेंजर अमित श्रीवास्तव ने दी वन अपराधियों को खुली चेतावनी

आपको बता दें कि वनक्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर जयमोहनी रेंज की टीम बॉर्डर के जंगल में नियमित गश्त पर थी। जयमोंहनी पोस्ता गांव के समीप चोरमरमा नाला के पास बोल्डर लदे दो ट्रैक्टर संदिग्ध हालत में आते हुए दिखाई दिए। वनकर्मियों को देखते ही चालकों ने ट्रैक्टरों की रफ्तार बढ़ा दी और जंगल मार्ग की ओर भागने लगे।

वन दरोगा सोमेश प्रथम के नेतृत्व में वन रक्षक भोला यादव, निर्भय सिंह, प्रेम सिंह एवं मनीष गुप्ता ने बिना समय गंवाए पीछा शुरू किया। कुछ दूरी तक भागने के बाद पकड़े जाने की आशंका में चालकों ने ट्रैक्टर चालू हालत में ही छोड़ दिए और जंगल में फरार हो गए। वन विभाग की टीम ने दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में लेकर रेंज कार्यालय लाया गया। गाड़ी के डिग्गी में जांच के दौरान न तो वाहन संबंधी वैध कागजात मिला और ना ही बोल्डर परिवहन का कोई अधिकृत परमिट था। यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया कि बोल्डर कहां से लाया जा रहा था।


वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने चंदौली समाचार को बताया कि  वन नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “जंगल क्षेत्र में कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। दोनों ट्रैक्टरों एवं लदे बोल्डर को विधिक प्रावधानों के तहत सीज कर संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीकृत कर लिया गया है। फरार चालकों की तलाश तेज कर दी गई है।
वन क्षेत्र में अब निगरानी और सख्त कर दी गई है। नियम तोड़ने वालों के लिए आगे की राह आसान नहीं होगी।