नौगढ़ में दर्दनाक हादसा: बारात के दौरान बेकाबू डीजे के नीचे दबने से 60 वर्षीय बंधु जायसवाल की मौत, खुशियां मातम में बदलीं
नौगढ़ कस्बे में बारात के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
बेकाबू डीजे के नीचे दबने से बंधु जायसवाल की मौत
मित्र रामविलास शर्मा की बेटी की शादी में हुए थे शामिल
सीएचसी नौगढ़ में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, जांच में जुटी पुलिस
चंदौली। नौगढ़ कस्बे में शादी वाले घर में शहनाई बज रही थी और बारात में चारों तरफ खुशियां छाई थीं, लेकिन गुरुवार रात होते-होते एक पल में सब कुछ मातम में बदल गया। डीजे की धुन पर थिरकती बारात के बीच 60 वर्षीय बंधु जायसवाल की दर्दनाक मौत ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया है।
मित्र की बेटी की शादी में शामिल होने पहुंचे थे बंधु जायसवाल
कस्बे निवासी रामविलास शर्मा की बेटी की गुरुवार रात शादी थी और धूमधाम से बारात आई थी। डीजे की तेज धुन पर बाराती झूम रहे थे। इसी शादी में अपने परम मित्र की बेटी की खुशियों में शामिल होने के लिए 60 वर्षीय बंधु जायसवाल भी पहुंचे थे। वे बड़ी आत्मीयता के साथ व्यवस्था संभालते हुए डीजे को आगे-पीछे करा रहे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यही डीजे कुछ ही देर में काल बन जाएगा।
एक पल में खुशियों का शोर चीख-पुकार में बदला
बताया जा रहा है कि भीड़ और शोर के बीच अचानक डीजे वाहन बेकाबू होकर उन पर चढ़ गया। डीजे के नीचे दबते ही बंधु जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही बारात में मौजूद लोगों के हाथ-पैर फूल गए और खुशियों का शोर अचानक चीख-पुकार में बदल गया। परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ भागे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कस्बे में पसरा सन्नाटा, जांच में जुटी पुलिस
मौत की खबर जैसे ही अस्पताल से कस्बे में पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नौगढ़ बाजार में इस हादसे के बाद से शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर शादी-ब्याह में बेलगाम डीजे के संचालन और नियम-कायदों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।