CHC में लाखों का हेल्थ एटीएम 4 साल से ठप, मरम्मत के लिए सिर्फ कागजों पर दौड़ रही हैं चिट्ठियां, मरीज निजी पैथोलॉजी में लूटने को मजबूर

 

चंदौली के नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लाखों की लागत से लगा हेल्थ एटीएम पिछले चार वर्षों से बंद पड़ा है। ऑपरेटर और तकनीकी खराबी के चलते धूल फांक रही इस मशीन के कारण गरीब मरीज बाहर महंगे दामों पर जांच कराने को मजबूर हैं।

 
 

चार साल से बंद हेल्थ एटीएम

सिर्फ कागजों पर लिखी जा रही चिट्ठी

निजी पैथोलॉजी में जेब कटवाते मरीज

बिना समाधान बंद हुईं सीएम पोर्टल शिकायतें

चिकित्सा अधीक्षक ने माना तकनीकी फॉल्ट

आधुनिक और हाईटेक स्वास्थ्य सुविधाओं का दम भरने वाले दावों की जमीनी हकीकत चंदौली जिले के नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में साफ देखी जा सकती है। लाखों रुपये की लागत से अस्पताल परिसर में स्थापित किया गया आधुनिक हेल्थ एटीएम पिछले चार वर्षों से एक बंद डिब्बे की तरह शो-पीस बना हुआ है। उद्घाटन के समय बड़े-बड़े दावे कर चमचमाती तस्वीरें तो खिंचवाई गईं, लेकिन उसके बाद से इस मशीन पर सिर्फ धूल की मोटी परतें जम रही हैं।

मरीजों को बाहर पैथोलॉजी में खर्च करने पड़ रहे पैसे
इस डिजिटल हेल्थ एटीएम मशीन के जरिए मरीजों को अस्पताल के भीतर ही ब्लड प्रेशर, शुगर, ब्लड ग्रुप, प्लेटलेट्स और इम्यूनिटी समेत कई महत्वपूर्ण पैथोलॉजी जांचों की मुफ्त सुविधा मिलनी तय हुई थी। स्थानीय नागरिकों का सीधा आरोप है कि यह मशीन कभी भी नियमित रूप से चालू नहीं हो सकी। अस्पताल में न तो कोई प्रशिक्षित ऑपरेटर तैनात किया गया और न ही आम जनता को इसका कोई लाभ मिला, जिससे मरीजों को मजबूरी में बाहर जाकर पैसे फूंकने पड़ रहे हैं।

सीएम पोर्टल पर बिना समाधान के बंद हुई शिकायतें
हैरानी की बात यह है कि इस बंद पड़े हेल्थ एटीएम को दोबारा चालू करवाने के लिए जागरूक नागरिकों द्वारा कई बार मुख्यमंत्री के 'सीएम पोर्टल' पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज कराई गईं। प्रशासन ने जमीनी स्तर पर मशीन को चालू करने के बजाय हर बार केवल कागजी आश्वासन देकर शिकायतों का निस्तारण (फाइल बंद) कर दिया। अस्पताल के अधिकांश स्वास्थ्य कर्मियों को भी आज तक इस मशीन के संचालन की कोई बुनियादी तकनीकी जानकारी नहीं दी गई है।

चार वर्षों से चल रहा है सिर्फ कागजी पत्राचार
क्षेत्र की जनता का सबसे बड़ा सवाल प्रशासनिक उदासीनता को लेकर है कि अगर मशीन में कोई खराबी थी, तो चार वर्षों का लंबा समय बीत जाने के बाद भी उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई जा सकी? इस पूरे मामले पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि हेल्थ एटीएम तकनीकी खराबी के कारण बंद है। इसकी मरम्मत और ऑपरेटर की तैनाती के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को लगातार सूचना व पत्र भेजे जा रहे हैं।