नौगढ़ CHC में हैवानियत: 'पर्ची कटवा लाओ' सुनते ही भागा साथी, तड़पती रही जहर खाई महिला, पुलिस जांच में जुटी
नौगढ़ CHC में जहर खाने के बाद गंभीर हालत में लाई गई महिला को अस्पताल में अकेला छोड़ उसका साथी फरार हो गया। डॉक्टर के पर्ची मांगने पर युवक चकमा देकर भाग निकला। पुलिस जांच में जुटी है।
नौगढ़ CHC में महिला अकेली तड़पी
डॉक्टर ने मांगी पर्ची, साथी फरार
घरेलू विवाद में खाई थी जहरीली वस्तु
फरार साथी की तलाश में जुटी पुलिस
चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) से एक हैरान और शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक तरफ जहर शरीर में फैल रहा था और जिंदगी बचाने की जंग चल रही थी, वहीं दूसरी तरफ मरीज के साथ आया युवक पर्ची कटवाने के बहाने अस्पताल से रफूचक्कर हो गया।
घरेलू विवाद में खाई थी जहरीली वस्तु
जानकारी के अनुसार, नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोदलपुर गांव की रहने वाली 32 वर्षीय फूल कुमारी ने घरेलू क्लेश से तंग आकर जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजनों व ग्रामीणों की मदद से उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ लाया गया।
डॉक्टर ने मांगी पर्ची तो भाग खड़ा हुआ साथी
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर अजीत सिंह के अनुसार, जब महिला को लाया गया तो उसकी स्थिति बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों ने तत्काल उसका इलाज शुरू किया और साथ आए युवक से काउंटर से पर्ची बनवाने को कहा। लेकिन वह युवक पर्ची कटवाने के बहाने बाहर निकला और फिर लौटकर वापस नहीं आया।
होश आने पर महिला ने बयां किया दर्द
स्ट्रेचर पर जिंदगी और मौत से जूझती महिला अस्पताल में बिल्कुल अकेली पड़ी रही, जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने ही उसे संभाला और इलाज जारी रखा। होश में आने के बाद पीड़िता फूल कुमारी ने पुलिस को बताया कि पारिवारिक विवाद से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया था।
फरार युवक की तलाश जारी
मामले की सूचना मिलते ही नौगढ़ थाना प्रभारी संतोष कुमार के निर्देश पर पुलिस टीम CHC पहुंची और पीड़िता का बयान दर्ज किया। पुलिस अब पर्ची के बहाने मरीज को छोड़कर भागे युवक की तलाश कर रही है। वहीं, पीड़िता का इलाज नौगढ़ CHC में जारी है।