नौगढ़ में DPRO का आदेश बेअसर, तबादले के बाद भी ड्यूटी से नदारद सफाईकर्मी, प्रधान ने दी DM ऑफिस घेरने की चेतावनी

 

नौगढ़ के कोईलरवा हनुमान मंदिर धाम पर सफाईकर्मियों की मनमानी से गंदगी का अंबार लगा है। DPRO के तबादला आदेश के 23 दिन बाद भी कर्मियों ने ज्वाइन नहीं किया। 15 सितंबर के बिरहा कार्यक्रम से पहले प्रधान ने आंदोलन की चेतावनी दी है।

 
 

नौगढ़ में सफाईकर्मियों ने फाड़ा तबादला आदेश

कोईलरवा हनुमान मंदिर परिसर में फैली गंदगी

15 सितंबर को आएंगे बिरहा सम्राट विजय लाल

ग्राम प्रधान ने दी डीएम ऑफिस जाने की चेतावनी

श्रद्धालुओं से मंदिर साफ रखने की खास अपील

चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील में जिला पंचायत राज विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। DPRO चंदौली द्वारा 22 अगस्त 2026 को जारी तबादला आदेश को दो सफाई कर्मियों ने पूरी तरह से ठेंगा दिखा दिया है। आदेश को 23 दिन बीत जाने के बाद भी दोनों कर्मचारियों ने नई जगह पर अपनी ज्वाइनिंग नहीं दी है।

तबादले के 23 दिन बाद भी ड्यूटी से नदारद
विभाग के आदेश के तहत सफाई कर्मी संतलाल को ग्राम पंचायत धनकुआरी कला से डकही-कोईलरवा हनुमान जी और अशोक कुमार सिंह को हनुमान मंदिर पर तत्काल प्रभाव से तैनात किया गया था। आदेश में स्पष्ट लिखा था कि यह फैसला तुरंत लागू होगा। इसके बावजूद दोनों सफाई कर्मी मौके से गायब हैं और फरलो मार रहे हैं।

15 सितंबर को जुटने हैं हजारों लोग, परिसर बेहाल
कर्मियों की इस मनमानी का सीधा असर प्रसिद्ध कोईलरवा हनुमान मंदिर धाम पर पड़ रहा है। मंदिर परिसर में प्लास्टिक, राख के चूल्हे, गोबर और कचरे का अंबार लगा हुआ है। इसी परिसर में 15 सितंबर को मशहूर बिरहा सम्राट विजय लाल यादव का कार्यक्रम आयोजित होना है, जिसमें हजारों लोगों की भीड़ उमड़ेगी। सफाई न होने से प्रशासन की किरकिरी होना तय है।

ग्राम प्रधान ने दी DM ऑफिस जाने की चेतावनी
ग्राम प्रधान यशवंत सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने ADO पंचायत और DPRO को कई बार शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गुस्से में प्रधान ने कहा कि गांव में गंदगी फैली है तो वह प्रधान किस काम के हैं। अगर अगले 24 घंटे में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई, तो वे ग्रामीणों के साथ सीधे जिलाधिकारी (DM) कार्यालय पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं से अपील और ग्रामीणों की मांग
मंदिर आने वाले भक्तों से भी अपील की जा रही है कि वे परिसर में गंदगी न फैलाएं, क्योंकि इससे बाकी श्रद्धालुओं को दिक्कत होती है। वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने जिला पंचायत राज अधिकारी से मांग की है कि मंदिर परिसर में नियमित रोस्टर बनाकर सफाई करवाई जाए ताकि दर्शनार्थियों को कोई असुविधा न हो।