नौगढ़ में करंट से चौथी मौत पर भड़का गुस्सा, भीम आर्मी ने बिजली विभाग से मांगा 15 लाख का मुआवजा और नौकरी
नौगढ़ के विशेषरपुर में लटकती हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। क्षेत्र में करंट से यह चौथी मौत है। हादसे के बाद भीम आर्मी ने 15 लाख रुपये मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग की है।
विशेषरपुर में हाईटेंशन लाइन से हादसा
करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत
चार गांवों में अब तक चार मौतें
भीम आर्मी ने मुआवजे की मांग उठाई
जर्जर तारों को लेकर विभाग पर गुस्सा
चंदौली जिले के नौगढ़ में बिजली विभाग की लापरवाही अब लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। विशेषरपुर गांव में पुल के पास सड़क और नहर को पार कर रही 11000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन काफी समय से नीचे लटक रही थी। गुरुवार सुबह जब वहां से एक ट्रक (UP 67 AT 5822) गुजरा, तो वह इस तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट फैलने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
चार गांवों में फैल चुका है मौत का मातम
स्थानीय लोगों का कहना है कि नौगढ़ इलाके में बिजली विभाग ने मौत का पैटर्न बना दिया है। यह कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि इससे पहले टिकुरिया, पिपराही और अभी बुधवार को ही नौगढ़ बाजार में ट्रांसफार्मर की जाली में करंट उतरने से हार्डवेयर दुकानदार मंगल सिंह केसरी की तड़पकर जान चली गई थी। चार गांवों में चार मौतें होने के बाद भी अधिकारी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
भीम आर्मी ने बोला सीधा हमला
इस हादसे के बाद भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के नेताओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। भीम आर्मी के जिला अध्यक्ष रामचंद्र राम ने तीखे शब्दों में विभाग से पूछा कि आखिर अधिकारियों को अब और कितनी लाशें चाहिए? उन्होंने कहा कि हर बार सिर्फ जांच का भरोसा दिया जाता है, लेकिन न तो जर्जर तार बदले जा रहे हैं और न ही कमजोर पोल ठीक किए जा रहे हैं।
15 लाख मुआवजे और नौकरी की मांग
आजाद समाज पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अवधेश कुमार भारती ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मृतक के परिवार को तुरंत 15 लाख रुपये का मुआवजा और एक सरकारी नौकरी दी जाए। अगर विभाग ने अपनी कार्यप्रणाली नहीं सुधारी और मांगें पूरी नहीं कीं, तो सड़क से लेकर तहसील तक उग्र आंदोलन किया जाएगा।