नौगढ़ में वन भूमि पर चल रहा हल रुकवाया, रेंजर की सख्त चेतावनी- 'अब ट्रैक्टर चला तो सीधे जाओगे जेल'
चंदौली के नौगढ़ में वन विभाग ने आरक्षित वन भूमि पर अवैध खेती के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने जुताई रुकवाकर साफ कहा कि सालों से खेती करने का बहाना अब नहीं चलेगा, जमीन खाली करनी ही होगी।
नौगढ़ में रुकवाया वनभूमि पर चलता हल
ट्रैक्टर चलाने पर सीज करने की चेतावनी
100 हेक्टेयर में होगा वृहद वनीकरण
सालों से खेती करने का बहाना बंद
अवैध कब्जा करने वालों पर मुकदमा तय
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में स्थित जयमोहनी वन रेंज से एक बड़ी खबर सामने आई है। आरक्षित वन भूमि पर अवैध रूप से खेती करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने अब बेहद सख्त रुख अपना लिया है। बुधवार सुबह-सुबह जैसे ही विभाग को अमदहां कंपार्टमेंट में वन भूमि पर अवैध जुताई होने की खबर मिली, रेंजर अमित श्रीवास्तव के निर्देश पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। टीम ने वहाँ ट्रैक्टर और हल से हो रही जुताई को तत्काल रुकवा दिया।
सालों से खेती करने की दलील अब नहीं चलेगी
वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) अमित श्रीवास्तव ने एक प्रेस नोट जारी कर अतिक्रमणकारियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी है। उन्होंने साफ कहा कि आरक्षित वन भूमि पर सालों से खेती कर लेने भर से किसी का मालिकाना हक नहीं बन जाता। जिन लोगों ने पहले वन भूमि पर अवैध कब्जा करके खेती की है, उन्हें खुद ही यह जमीन खाली करनी होगी। वन विभाग अब बिना किसी दबाव या बहाने के चरणबद्ध तरीके से पूरी आरक्षित जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराएगा।
100 हेक्टेयर में शुरू होगा वृहद वनीकरण अभियान
वन विभाग के मुताबिक, अमदहां कंपार्टमेंट की करीब 100 हेक्टेयर आरक्षित वन भूमि पर एक बड़ा वनीकरण कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। जिस जमीन पर कुछ लोग चुपके से खेती करने की तैयारी कर रहे थे, अब वहाँ विभाग की तरफ से पौधरोपण किया जाएगा। इसके लिए गड्ढों की खुदाई और पौधों को सुरक्षित रखने के लिए सुरक्षा नाली (ट्रेंच) बनाने का काम शुरू होगा। अब इस जमीन पर फसलों की जगह हजारों नए पौधे लहलहाएंगे।
ट्रैक्टर होगा सीज, खानी पड़ेगी जेल की हवा
रेंजर ने सख्त लहजे में कहा कि भविष्य में यदि किसी ने भी वन भूमि पर जुताई, खेती या किसी अन्य तरह का अवैध कब्जा करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अवैध काम में इस्तेमाल होने वाले ट्रैक्टर, कृषि यंत्र और बाकी उपकरणों को तुरंत जब्त (सीज) कर लिया जाएगा और दोषी व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सीधे जेल भेजा जाएगा।
ग्रामीणों से सहयोग की अपील
वन विभाग ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे आरक्षित वन भूमि को सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त रखने में प्रशासन का सहयोग करें। विभाग का कहना है कि इस बड़े पौधरोपण अभियान से इलाके में हरियाली बढ़ेगी, भूजल स्तर में सुधार होगा और क्षेत्र की जैव विविधता भी सुरक्षित रहेगी। जयमोहनी रेंज से अब यह साफ संदेश दे दिया गया है कि जंगल की जमीन सिर्फ जंगल के लिए ही सुरक्षित रहेगी।