नौगढ़ के होरिला गांव में आधी रात को भीषण अग्निकांड, ग्रामीणों की मदद से टाला गया बड़ा हादसा

चंदौली के नौगढ़ में सोमवार की रात एक मोमबत्ती की चिंगारी और तेज आंधी ने गरीब दुकानदार की जिंदगी भर की कमाई को राख के ढेर में बदल दिया। कैसे एक छोटी सी भूल ने पूरे परिवार को सड़क पर ला दिया, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
 

नौगढ़ के होरिला में भीषण अग्निकांड

मोमबत्ती की चिंगारी से भड़की आग

आंधी ने रूप को किया विकराल

दो लाख रुपये से अधिक नुकसान

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से बुझाई

चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले होरिला गांव में सोमवार की रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। गांव में स्थित एक किराने की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई, जिसे देखकर स्थानीय ग्रामीण सन्न रह गए। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पीड़ित दुकानदार अपने घर के आंगन में बैठकर परिवार के साथ रात का भोजन कर रहा था। उसे इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि घर से कुछ ही दूरी पर स्थित उसकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन आग की भीषण लपटों में घिर चुका है।

तेज आंधी के बीच भड़की आग, दुकान में रखा सारा सामान राख
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सोमवार रात करीब 11 बजे अचानक सुरेंद्र कुमार की परचून की दुकान से धुएं का तेज गुबार और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। दुकान से धुआं निकलता देख ग्रामीण शोर मचाते हुए घटना स्थल की तरफ दौड़े। जब तक लोग मौके पर जमा हुए, तब तक आग पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले चुकी थी। दुकान के अंदर रखा अनाज, तेल, मसाले, बिस्किट समेत परचून का लगभग पूरा सामान धू-धू कर जल रहा था। पीड़ित दुकानदार सुरेंद्र कुमार खुद कुछ देर के लिए समझ नहीं पाए कि यह सब कैसे हो गया।

जलती मोमबत्ती और तेज हवा बनी तबाही का कारण
आशंका जताई जा रही है कि दुकानदार दुकान बढ़ाते समय अंदर जल रही मोमबत्ती को बुझाना भूल गया था। दुकान बंद होने के कुछ ही देर बाद इलाके में तेज आंधी शुरू हो गई। माना जा रहा है कि आंधी के कारण मोमबत्ती की चिंगारी भड़क उठी और तेज हवाओं ने आग को बेहद विकराल बना दिया। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि अगर सही समय पर गांव के लोग नहीं जागते, तो यह आग आसपास के रिहायशी मकानों को भी अपनी चपेट में ले लेती, जिससे पूरा मोहल्ला जल सकता था।

ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी डालकर पाया काबू
अग्निकांड की इस घटना से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला। कोई हैंडपंप से पानी भरने भागा तो कोई घरों से बाल्टियां लेकर आग बुझाने में जुट गया। घंटों की भारी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान के अंदर रखा आधे से अधिक सामान पूरी तरह जल चुका था। 

पीड़ित दुकानदार के मुताबिक इस हादसे में करीब दो लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है और पुलिस आग लगने के सटीक कारणों की तफ्तीश कर रही है।