'चंदौली समाचार' की खबर और DM की फटकार के बाद जागा बिजली विभाग, SDO ने खुद मोर्चा संभाल जरहर गांव में लौटाई बिजली

 

नौगढ़ के जरहर में चार दिन से ठप बिजली आपूर्ति 'चंदौली समाचार' में खबर छपने के बाद महज 4 घंटे में बहाल हो गई। डीएम चंद्र मोहन गर्ग की फटकार के बाद एसडीओ प्रीति यादव ने खुद मोर्चा संभाला।

 
 

चंदौली समाचार की खबर का असर

नौगढ़ के जरहर में लौटी बिजली

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने लगाई फटकार

एसडीओ प्रीति यादव ने संभाला मोर्चा

36 गांवों में पानी का संकट खत्म

चंदौली जिले के नौगढ़ के भैसौड़ा-जरहर इलाके में चार दिनों से अंधेरे में जी रहे और पानी की बूंद-बूंद को तरस रहे ग्रामीणों की समस्या को जब 'चंदौली समाचार' ने प्रमुखता से उठाया, तो बिजली महकमे में हड़कंप मच गया। खबर का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता को कड़ी फटकार लगाई। डीएम के सख्त निर्देश मिलते ही विभागीय अमला एक्शन में आ गया और जिस खराबी को चार दिन में नहीं सुधारा जा सका था, उसे महज कुछ ही घंटों में दुरुस्त कर दिया गया।

एसडीओ प्रीति यादव ने खुद ग्राउंड पर संभाला मोर्चा
मामले की गंभीरता को देखते हुए मेंटेनेंस की जिम्मेदारी संभाल रहीं एसडीओ प्रीति यादव खुद तकनीकी टीम के साथ तड़के विद्युत उपकेंद्र चकरघट्टा पहुंच गईं। उन्होंने मौके पर रहकर पूरे मरम्मत कार्य की निगरानी की। टीम ने सबसे पहले उपकेंद्र पहुंचकर बरवाडीह और परसिया फीडर में खराब ट्रिपिंग क्वायल को बदला और जला हुआ WTI भी नया लगाया। इसके साथ ही लाइन की अन्य तकनीकी खामियों को भी तत्काल प्रभाव से ठीक किया गया।

भैसौड़ा फीडर की टाली सुधरी, नलों में फिर से आया पानी
इसी बीच विद्युत उपकेंद्र नौगढ़ की दूसरी टीम ने भैसौड़ा फीडर की खराब टाली की मरम्मत पूरी की। लाइन चालू होते ही भैसौड़ा, जरहर, चौहान बस्ती और नौगढ़ भेड़ा फार्म की सरकारी कॉलोनी में बिजली लौट आई। बिजली आते ही चार दिन से बंद पड़े पेयजल पंप फिर से चलने लगे, जिससे ग्रामीणों को सबसे बड़ी राहत मिली और नाले का गंदा पानी पीने की मजबूरी खत्म हो गई।

36 गांवों की पानी की आपूर्ति पर भारी पड़ी थी बिजली की खराबी
चकरघट्टा उपकेंद्र से जुड़ा भैसौड़ा स्वतंत्र फीडर क्षेत्र के करीब 36 गांवों की पेयजल व्यवस्था से सीधा जुड़ा है। चार दिन से बिजली बंद रहने के कारण भैसौड़ा और जरहर पंचायत के 200 से अधिक घरों में संकट खड़ा हो गया था। बिजली ठप होने से सिंचाई और छोटे-मोटे कारोबार भी पूरी तरह प्रभावित थे। आक्रोशित ग्रामीणों और भैसौड़ा के प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव ने 24 घंटे में समस्या हल न होने पर सबस्टेशन पर तालाबंदी की चेतावनी दी थी।

जनता की मजबूत आवाज बना 'चंदौली समाचार'
समस्या का तत्काल समाधान होने के बाद प्रधान प्रतिनिधि अशोक यादव और समाजसेवी जयप्रकाश सिंह उर्फ शेरू यादव ने 'चंदौली समाचार' का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि चार दिन से लाचार ग्रामीणों की आवाज जब चंदौली समाचार ने उठाई, तभी सो रहा प्रशासन जागा। ग्रामीणों ने माना कि अगर खबर न चलती तो उन्हें न जाने और कितने दिन अंधेरे व पानी के संकट से जूझना पड़ता। यह घटना साबित करती है कि जनहित की पत्रकारिता ही जनता की असली ताकत है।