आखिर कौन लालमनी की हत्या करके लूट ले गया जंगल से बकरियां, पुलिस इस एंगल पर कर रही जांच

 

चंदौली के नौगढ़ में 50 बकरियां चराने जंगल गए लालमनी सिंह खरवार का शव संदिग्ध हालात में मिला।  शरीर पर चोट के निशान मिले हैं और सभी बकरियां गायब हैं।

 
 

जंगल में एक दिन बाद मिला लालमनी का शव

50 बकरियां जंगल से लूट ले गए हत्यारे 

लालमनी के शरीर पर मिले हैं कई चोट के निशान

पंडी गांव में छाया मातम डर, नौगढ़ पुलिस कर रही मामले जांच

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र से एक बेहद परेशान करने वाली खबर सामने आई है।  यहां के पंडी गांव के रहने वाले लालमनी सिंह खरवार पुत्र सुद्धु खरवार रोज की तरह बुधवार की सुबह अपनी करीब 50 बकरियों को चराने के लिए पास के जंगल में गए थे।  आमतौर पर वह दिनभर बकरियां चराने के बाद शाम ढलते ही अपने घर वापस लौट आते थे।  लेकिन बुधवार की शाम जब सूरज ढल गया और काफी देर होने के बाद भी लालमनी घर नहीं पहुंचे, तो उनके परिवार के लोगों की चिंता बढ़ने लगी।

रातभर टॉर्च और लाठियों के सहारे जंगल छानते रहे ग्रामीण 
लालमनी के घर न पहुंचने पर परिजनों ने तुरंत गांव के लोगों को इसकी जानकारी दी।  इसके बाद गांव के लोग एकजुट हुए और उन्होंने रात में ही एक खोजबीन दल बना लिया।  गांव के दर्जनों लोग टॉर्च, लाठी और डंडे लेकर घने और बीहड़ जंगल की तरफ निकल पड़े।  पूरी रात ग्रामीण जंगल के कोने-कोने में लालमनी और उनकी बकरियों को आवाज लगाते रहे और ढूंढते रहे।  हालांकि रात का गहरा अंधेरा और जंगल का कठिन रास्ता होने के कारण तड़के तक न तो लालमनी का कोई अता-पता चला और न ही उनकी 50 बकरियों का सुराग मिला।

गुरुवार सुबह चरवाहों ने देखा शव
अगले दिन यानी गुरुवार की सुबह करीब 10 बजे जंगल के रास्ते से कुछ अन्य चरवाहे गुजर रहे थे।  तभी अचानक उनकी नजर झाड़ियों के पास पड़े लालमनी सिंह खरवार के बेजान शरीर पर पड़ी।  चरवाहों ने जब पास जाकर देखा तो लालमनी की मौत हो चुकी थी।  यह भयानक दृश्य देखते ही चरवाहे घबरा गए और तुरंत दौड़कर गांव पहुंचे।  उन्होंने लालमनी के परिवार और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी।  मौत की खबर सुनते ही घर में चीख-पुकार मच गई और रोते-बिलखते परिजन ग्रामीणों के साथ जंगल की ओर भागे।

शरीर पर चोट के निशान और बकरियां गायब
 जंगल में शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेंद्र कुमार और नौगढ़ थाने की पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंच गई।
 पुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।  पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक लालमनी के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। सबसे ज्यादा हैरान करने वाली बात यह है कि लालमनी के साथ जंगल गई उनकी सभी 50 बकरियों का अब तक कोई अता-पता नहीं चल सका है, जिससे किसी आपराधिक साजिश की आशंका जताई जा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
 मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।  क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेंद्र कुमार ने बताया कि मौत की असली वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।  इसके अलावा उन्होंने यह भी आश्वासन दिया है कि जंगल में गायब हुई सभी बकरियों का पता लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। 

 लालमनी की इस तरह अचानक हुई संदिग्ध मौत और बकरियों के गायब हो जाने से पूरे पंडी गांव में खौफ, खामोशी और गहरा मातम छाया हुआ है।