खनन माफियाओं का दुस्साहस: बोदलपुर में अवैध खनन रोकने गए लेखपाल को JCB से कुचलने की कोशिश, मची अफरा-तफरी

 

चंदौली के नौगढ़ में अवैध खनन रोकने गई राजस्व टीम पर माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया। हल्का लेखपाल विपिन कुमार को जेसीबी से कुचलने की कोशिश की गई। पीड़ित किसी तरह जान बचाकर तहरीर देने थाने पहुंचे।

 
 

बोदलपुर गांव में दिनदहाड़े अवैध खनन

लेखपाल विपिन कुमार पर जानलेवा हमला

जेसीबी मशीन से कुचलने का प्रयास

सरकारी टीम पर हमला कर माफिया फरार

जान बचाकर थाने पहुंची राजस्व टीम

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में अब खनन माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे रात के अंधेरे में ही नहीं, बल्कि दिन के उजाले में भी बिना किसी अनुमति के मिट्टी का अवैध खनन कर रहे हैं। ताजा मामला नौगढ़ थाना क्षेत्र के बोदलपुर गांव का है, जहां अवैध खनन रोकने पहुंची राजस्व टीम पर माफियाओं ने जानलेवा हमला कर दिया।

लेखपाल को जेसीबी से कुचलने की कोशिश
तहसीलदार राहुल सिंह के निर्देश पर जब राजस्व विभाग की टीम बोदलपुर गांव पहुंची, तो वहां बड़े पैमाने पर जेसीबी से मिट्टी की खुदाई चल रही थी और चार ट्रैक्टरों में मिट्टी लादी जा रही थी। टीम ने जैसे ही इस अवैध काम को रोकने की कोशिश की, खनन में लगे लोग भड़क गए और उन्होंने हल्का लेखपाल विपिन कुमार को सीधे जेसीबी मशीन से कुचलने की कोशिश की।

जान बचाकर भागे सरकारी कर्मचारी
इस अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। लेखपाल विपिन कुमार किसी तरह कूदकर बाल-बाल बचे और अपनी जान बचाई। सरकारी टीम को जान बचाने के लिए पीछे हटने पर मजबूर होना पड़ा। इसका फायदा उठाकर खनन माफिया अपनी जेसीबी मशीन और चारों ट्रैक्टरों को लेकर मौके से बड़ी आसानी से फरार हो गए।

मुकदमे का इंतजार, पुलिस की जांच जारी
घटना के बाद सहमी हुई राजस्व टीम सीधे नौगढ़ थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। लेखपाल विपिन सिंह की तरफ से थाने में लिखित तहरीर दे दी गई है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस मुकदमा दर्ज करने में आनाकानी कर रही थी और उसका कहना है कि मामले की पूरी जांच-पड़ताल करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।