नौगढ़ में मोबाइल व्यवसायी को गोली मारने वाले 72 घंटे बाद भी फरार, 2 थानों की पुलिस के हाथ खाली
चंदौली के नौगढ़ में मोबाइल व्यवसायी को गोली मारने के 72 घंटे बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी फरार हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अब मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल के जरिए हमलावरों की तलाश कर रही है।
72 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस पकड़ से दूर
मोबाइल व्यवसायी दैवज्ञ विश्वकर्मा पर हुई थी फायरिंग
विकास यादव और अज्ञात साथी पर मुकदमा दर्ज
एक संदिग्ध हिरासत में खंगाली जा रही लोकेशन
सीओ नौगढ़ देवेंद्र कुमार ने जल्द गिरफ्तारी का किया दावा
चंदौली जिले के नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर खुलेआम तमंचा लहराकर मोबाइल व्यवसायी को गोली मारने की घटना को 72 घंटे बीत चुके हैं। “देख लेंगे... बख्शेंगे नहीं” जैसे पुलिसिया दावों के बावजूद आरोपी अभी तक कानून की पकड़ से बाहर हैं। घटना के बाद नौगढ़ और चकरघट्टा थाने की टीमें लगाई गईं, मुखबिरों को सक्रिय किया गया और कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी गई। हालांकि, तीन दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, जिससे स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों में आक्रोश बढ़ रहा है।
पुराने रुपयों के विवाद में मारी गई थी गोली
आपको बता दें कि मझगावां गांव के रहने वाले मोबाइल व्यवसायी दैवज्ञ विश्वकर्मा शुक्रवार शाम अपने साथी शिवम के साथ सामान लेने जा रहे थे। रजवाहा पुल के पास भराड़वा निवासी विकास यादव और एक अज्ञात व्यक्ति ने उनकी बाइक रोक ली। पुराने मोबाइल के बकाया रुपयों को लेकर उनके बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया, जिससे गोली दैवज्ञ के बाएं हाथ में जा लगी।
पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया
सूचना मिलते ही नौगढ़ पुलिस और चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायल व्यवसायी को तुरंत सीएचसी नौगढ़ में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर घटनास्थल से कारतूस का खोखा भी बरामद किया है। घटना के पुख्ता सबूत मौजूद होने और दो थानों की पुलिस लगने के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी न होना कार्रवाई पर सवाल खड़े कर रहा है।
एक संदिग्ध हिरासत में, अब मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल का सहारा
दबिश में सफलता न मिलने पर पुलिस ने अब अपनी जांच की दिशा तकनीकी सर्विलांस पर मोड़ दी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक शिवानंद नाम के एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब वारदात के समय और उसके बाद हमलावरों के मोबाइल टावर लोकेशन और कॉल डिटेल खंगाल रही है। क्षेत्राधिकारी नौगढ़ देवेंद्र कुमार का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों को बहुत जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।