जा रहे VIP ड्यूटी में दरोगा जी और सिपाही, गाय ने भेज दिया ट्रॉमा सेंटर रेफर

नौगढ़-चकिया मार्ग पर अचानक गाय आ जाने से वीआईपी ड्यूटी जा रहे दरोगा और सिपाही की बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
 

नौगढ़-चकिया मार्ग पर सड़क हादसा

गाय से टकराई दरोगा की बाइक

वीआईपी ड्यूटी जा रहे पुलिसकर्मी घायल

चंदौली में आवारा पशुओं का आतंक

चंदौली जिले के नौगढ़-चकिया मार्ग पर आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में वीआईपी ड्यूटी पर जा रहे अमदहां चौकी के दरोगा राकेश सिंह और सिपाही रविंद्र सिंह की बाइक सड़क पर अचानक सामने आई गाय से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई और दोनों पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सड़कों पर बैठीं गायें

राहगीरों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। गनीमत यह रही कि वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए दोनों घायल पुलिसकर्मियों को उठाया और नजदीकी सीएससी नौगढ़ पहुंचाया। अगर स्थानीय लोग समय पर मदद के लिए आगे नहीं आते, तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए हैं और दोनों वर्दीधारी सड़क पर बुरी तरह जख्मी होकर गिर पड़े थे।

वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर हुआ सिपाही
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ में प्राथमिक इलाज के बाद दरोगा राकेश सिंह का उपचार तो वहीं चल रहा है, लेकिन सिपाही रविंद्र सिंह की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में भी चिंता का माहौल है और सड़क सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु
स्थानीय लोगों का कहना है कि नौगढ़ क्षेत्र में रात हो या दिन, थाने के सामने और बाजारों में सैकड़ों गाय-बैल बीच सड़क पर डेरा डाले रहते हैं। पशुओं को पकड़ने के नाम पर सिर्फ औपचारिकताएं और कागजी कार्रवाई पूरी की जाती है। आज जब सड़क पर घूम रहे इन आवारा पशुओं की वजह से पुलिस वाले ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।