चंदप्रभा पुलिस चौकी में बंदरों का खूनी तांडव, कांस्टेबल पर जानलेवा हमला, पैर में हुआ गंभीर फ्रैक्चर

 

चंदप्रभा पुलिस चौकी में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में कांस्टेबल सतीश यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। मेस से खाना लेकर लौटते समय बंदरों के झुंड ने उन्हें घेरा, जिसके बाद जान बचाने की कोशिश में सिपाही का पैर फ्रैक्चर हो गया।

 
 

कांस्टेबल सतीश यादव पर जानलेवा हमला

मेस से खाना लाते समय हादसा

लोहे की रेलिंग में फंसा पैर

चौकी प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल

पुलिसकर्मियों के कपड़े फाड़ रहे बंदर

चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चंदप्रभा पुलिस चौकी मंगलवार को अखाड़ा बन गई। यहाँ ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सतीश यादव जब मेस से दोपहर का भोजन लेकर अपने कमरे की ओर जा रहे थे, तभी बंदरों के एक हिंसक झुंड ने उन पर धावा बोल दिया। बंदरों ने कांस्टेबल को चारों तरफ से घेर लिया और काटने का प्रयास करने लगे। अचानक हुए इस हमले से चौकी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

जान बचाने की कोशिश में टूटा पैर 
बंदरों के चंगुल से निकलने और अपनी जान बचाने के लिए कांस्टेबल सतीश यादव तेजी से भागे। इसी भाग-दौड़ के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर लोहे की एक रेलिंग में जाकर फंस गया। जमीन पर जोर से गिरने के कारण उनके पैर की हड्डी बुरी तरह फ्रैक्चर हो गई। सिपाही की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे अन्य कर्मियों ने बंदरों को खदेड़ा और घायल साथी को संभाला।

चौकी प्रभारी ने दिखायी तत्परता 
घटना की जानकारी मिलते ही चंदप्रभा चौकी प्रभारी तरण पांडेय तत्काल मौके पर पहुंचे। घायल जवान की हालत गंभीर देख उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपने निजी वाहन से सतीश यादव को जिला संयुक्त अस्पताल, चकिया पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद पैर में गंभीर फ्रैक्चर की पुष्टि की है और फिलहाल उनका इलाज जारी है।

साहब! यहाँ बंदरों का राज है
 चौकी पर तैनात अन्य पुलिसकर्मियों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि यहाँ लंबे समय से बंदरों का आतंक कायम है। बंदर न केवल पुलिसकर्मियों का सामान उठा ले जाते हैं, बल्कि छतों पर सूख रहे कपड़े तक फाड़ देते हैं। जवानों का कहना है कि जिस पुलिस चौकी को जनता की सुरक्षा का केंद्र माना जाता है, वहां खुद खाकीधारी सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन होते इन हमलों ने पुलिस महकमे की सुरक्षा व्यवस्था और वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।