देखिए कहीं आपका बेटा इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ रील तो नहीं बना रहा, 'ऑपरेशन वज्रपात' में सकता है जेल

 

चंदौली के नौगढ़ में इंस्टाग्राम पर हथियारों की नुमाइश और उग्र स्लोगन लिखना एक युवक को भारी पड़ गया। पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत कार्रवाई करते हुए उसका अकाउंट हमेशा के लिए बंद करवा दिया है।

 
 

इंस्टाग्राम पर हथियारों की नुमाइश

ऑपरेशन वज्रपात के तहत कार्रवाई

युवक का अकाउंट कराया टेकडाउन

माता-पिता को बुलाकर की काउंसलिंग

सीओ नामेंद्र कुमार की विशेष अपील

चंदौली जिले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हथियारों के साथ तस्वीरें और उग्र रील पोस्ट करके खुद को 'दबंग' दिखाने वाले युवाओं के लिए एक बेहद जरूरी और कड़ा सबक सामने आया है। जनपद के थाना नौगढ़ क्षेत्र में पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय टीम ने मिलकर एक बड़ी डिजिटल कार्रवाई को अंजाम दिया है।

पुलिस ने सोशल मीडिया की नियमित मॉनिटरिंग के दौरान एक ऐसे युवक को चिन्हित किया, जो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियारों का प्रदर्शन कर रहा था। पुलिस ने 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत सख्त रुख अपनाते हुए मेटा (Meta) कंपनी से संपर्क किया और उस युवक के इंस्टाग्राम अकाउंट को इंटरनेट की दुनिया से हमेशा के लिए गायब (टेकडाउन) करवा दिया।

मेटा के नोडल अधिकारी को भेजी गई थी विधिक रिपोर्ट
पुलिस के अनुसार, युवक अपने अकाउंट पर हथियारों के साथ उग्र छवि वाले रील और भय पैदा करने वाले स्लोगन लिख रहा था। पुलिस का मानना है कि ऐसी पोस्ट्स से समाज में गलत संदेश जाता है और सामाजिक सौहार्द व शांति व्यवस्था बिगड़ती है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए नौगढ़ थाना पुलिस ने साइबर सेल की मदद से पूरी विधिक रिपोर्ट तैयार की। इस कानूनी रिपोर्ट को सीधे इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी 'मेटा' के नोडल अधिकारी के पास भेजा गया। पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर कंपनी ने त्वरित एक्शन लेते हुए संबंधित अकाउंट को स्थायी रूप से ब्लॉक और डिलीट कर दिया।

भविष्य खराब न हो, इसलिए पैरेंट्स को बुलाकर की काउंसलिंग
नौगढ़ पुलिस ने इस मामले में केवल दंडात्मक कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि युवक के सुधराव पर भी ध्यान दिया। युवक की कम उम्र और उसके भविष्य को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने उसे सीधे जेल भेजने के बजाय उसके माता-पिता को थाने बुलाया।

थाने में अधिकारियों द्वारा युवक और उसके परिजनों की विशेष काउंसलिंग की गई। उन्हें सोशल मीडिया के जिम्मेदार और सही उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया। इसके बाद जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी करवाकर युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

सीओ नामेंद्र कुमार ने युवाओं और अभिभावकों से की अपील
पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) नौगढ़ नामेंद्र कुमार ने क्षेत्र के सभी युवाओं से अपील की है कि वे मोबाइल और इंटरनेट का इस्तेमाल अपनी शिक्षा, रचनात्मकता और सकारात्मक कार्यों के लिए करें। उन्होंने चेतावनी दी कि इंटरनेट पर हथियारों का प्रदर्शन या भड़काऊ सामग्री साझा करना कोई बहादुरी नहीं बल्कि गंभीर कानूनी अपराध है।

इसके साथ ही उन्होंने अभिभावकों से भी अनुरोध किया कि वे अपने बच्चों की डिजिटल गतिविधियों और मोबाइल स्क्रीन पर लगातार नजर रखें, ताकि वे किसी भी तरह के कानून विरोधी दलदल में फंसने से बच सकें। पुलिस की इस डिजिटल मुहिम से साफ संदेश गया है कि सड़कों के साथ-साथ अब सोशल मीडिया पर भी कानून की नजर पैनी है।