नौगढ़ में SDM का छापा: सेमरिया स्कूल में 6 में से 5 शिक्षक मिले नदारद, मिड-डे मील ठप देख भड़के SDM विकास मित्तल
एसडीएम नौगढ़ विकास मित्तल के औचक निरीक्षण में सेमरिया प्राथमिक विद्यालय की पोल खुल गई। 15 दिन से मिड-डे मील बंद मिला और 6 में से केवल 1 शिक्षक उपस्थित था, जिस पर प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की।
विद्यालय में 6 की तैनाती, मौके पर मिले मात्र 1 शिक्षक
हेड मास्टर अखिलेश सिंह को स्पष्टीकरण का नोटिस जारी
15 दिनों से मध्याह्न भोजन और दूध वितरण पूरी तरह ठप
तीन शिक्षामित्रों और एक अध्यापक का मानदेय/वेतन अवरुद्ध
कोटेदार के यहाँ राशन लेने गया था सहायक अध्यापक
चंदौली जनपद के सुदूरवर्ती नौगढ़ तहसील के प्राथमिक विद्यालय सेमरिया में लंबे समय से चल रही लापरवाही पर आखिरकार प्रशासन ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। एसडीएम नौगढ़ विकास मित्तल के औचक निरीक्षण ने शिक्षा विभाग की खोखली हो चुकी निगरानी प्रणाली की पोल खोलकर रख दी है। यह महज एक निरीक्षण नहीं था, बल्कि उन शिक्षकों के लिए चेतावनी थी जो ड्यूटी को मजाक समझते हैं।
6 की तैनाती, 1 की जिम्मेदारी: भगवान भरोसे बच्चे
निरीक्षण के दौरान एसडीएम तब हैरान रह गए जब विद्यालय में तैनात कुल 6 शिक्षकों (3 सहायक अध्यापक और 3 शिक्षामित्र) में से केवल हेड मास्टर अखिलेश सिंह ही बच्चों को पढ़ाते मिले। बाकी के पांच शिक्षक अपनी ड्यूटी से नदारद थे। हेड मास्टर अकेले 58 पंजीकृत छात्रों को संभालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि उनकी पूरी टीम नदारद थी।
राशन लेने गया शिक्षक, बाकी बिना सूचना गायब
जांच में सामने आया कि सहायक अध्यापक संतोष कुमार विद्यालय समय में ही कोटेदार के यहाँ राशन लेने चले गए थे। वहीं, तीन शिक्षामित्र और एक अन्य सहायक अध्यापक बिना किसी सूचना या अनुमति के स्कूल से गायब मिले। एसडीएम ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया।
15 दिन से खाली पेट बच्चे, ठप है मिड-डे मील
विद्यालय की स्थिति इतनी बदहाल मिली कि पिछले 15 दिनों से मध्याह्न भोजन (Mid-Day Meal) योजना पूरी तरह ठप थी। बच्चों को न भोजन दिया गया और न ही सरकार द्वारा निर्धारित दूध का वितरण हुआ। शिक्षकों की इसी लापरवाही और अव्यवस्था के कारण अभिभावकों का स्कूल से मोहभंग हो गया है, जिसका प्रमाण यह है कि 58 में से मात्र 13 बच्चे ही उपस्थित पाए गए।
दंडात्मक कार्रवाई: वेतन और मानदेय अवरुद्ध
एसडीएम विकास मित्तल के निर्देश पर एबीएसए लालमणि कनौजिया ने तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की है:---
- हेड मास्टर अखिलेश सिंह को लापरवाही की निगरानी न कर पाने पर स्पष्टीकरण नोटिस।
- तीन शिक्षामित्रों का मानदेय तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध।
- अनुपस्थित सहायक अध्यापक का वेतन रोकने की संस्तुति।
एसडीएम के इस कड़े रुख से क्षेत्र के अन्य विद्यालयों में भी हड़कंप मच गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।