नौगढ़-चकिया मार्ग पर भीषण सड़क दुर्घटना: तेज रफ्तार पिकअप ने दो CNG वाहनों के उड़ाए परखच्चे, मची चीख-पुकार
गुजरात में काम पर लौटने के लिए पीडीडीयू नगर स्टेशन जा रहे मजदूरों की सीएनजी गाड़ियों को नौगढ़ में एक बेकाबू पिकअप ने टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में बिहार के युवक गोविंदा की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य मजदूर अस्पताल पहुंचे।
नौगढ़ में पिकअप की जोरदार टक्कर
बिहार के युवक गोविंदा की मौत
गुजरात जा रहे थे सभी मजदूर
सीएनजी वाहनों के उड़े परखच्चे
दो गंभीर घायल ट्रामा सेंटर रेफर
चंदौली जिले में रात की ट्रेन पकड़कर रोजी-रोटी कमाने के लिए गुजरात जाने निकले मजदूरों को क्या पता था कि रास्ते में कयामत उनका इंतजार कर रही है। शुक्रवार को नौगढ़-चकिया मुख्य मार्ग पर एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप ने दो सीएनजी वाहनों को पीछे से ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि पूरे इलाके में कोहराम मच गया। इस भीषण और दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार के एक युवक की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। दो घायलों की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
गोड़टूटवा मोड़ पर पलक झपकते ही पलटी जिंदगी
हादसा नौगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नौगढ़-चकिया मुख्य मार्ग स्थित गोड़टूटवा मोड़ के पास हुआ। दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर रेलवे स्टेशन की तरफ जा रही दो सीएनजी गाड़ियों को पीछे से आ रही एक बेकाबू पिकअप ने रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक सीएनजी गाड़ी सड़क किनारे गहरे गड्ढे में पलट गई, जबकि दूसरा वाहन अनियंत्रित होकर सीधे पेड़ से जा टकराया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने बिना वक्त गंवाए तत्काल 108 एंबुलेंस और स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर तीन एंबुलेंस पहुंचीं और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ पहुंचाया गया।
ट्रेन पकड़ने के लिए बुक किए थे सीएनजी टेम्पो
जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र जिले के सीयरिया सुअरसोत गांव के निवासी रामभजन, श्यामलाल, अजय, संदेश, अवधेश और चालक सर्वजीत एक सीएनजी वाहन में सवार थे। वहीं, बिहार राज्य के थाना अधौरा क्षेत्र के देवरी गड़के निवासी प्रभु, उमेश, गोविंद, श्याम बिहारी और चालक मुराहु दूसरी सीएनजी गाड़ी में बैठे थे। ये सभी मजदूर पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन से रात की ट्रेन पकड़कर गुजरात जाने वाले थे और उन्होंने वहां के लिए बकायदा रिजर्वेशन भी कराया था। बताया गया कि सभी मजदूर गुजरात की प्राइवेट कंपनियों में नौकरी करते हैं और करीब एक महीना पहले ही अपने घर लौटे थे। शुक्रवार को वे वापस काम पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही इस भयावह हादसे का शिकार हो गए।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ में इलाज के दौरान डॉक्टर चंद्र कुमार ने बिहार निवासी गोविंदा को मृत घोषित कर दिया। गोविंदा अपने घर का इकलौता चिराग था, जिसकी मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, इस हादसे में अवधेश और रवि के सिर में गंभीर चोटें आई हैं और पैर टूटने की वजह से उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया है, जबकि अन्य घायलों को मामूली इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में लेकर विधिक जांच शुरू कर दी है और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है।