DPRO नीरज कुमार सिन्हा ने ग्राम प्रधानों को जारी किए सख्त निर्देश, 30 अप्रैल तक चलेगा संचारी रोग के खिलाफ अभियान

 

चंदौली जिले को संचारी रोगों से मुक्त करने के लिए डीपीआरओ ने मास्टर प्लान जारी किया है। 1 से 30 अप्रैल तक चलने वाले इस विशेष अभियान में सफाई, फागिंग और गम्बूसिया मछली के जरिए मच्छरों के लार्वा को खत्म किया जाएगा।

 
 

1 से 30 अप्रैल तक संचारी रोग अभियान

तालाबों में डाली जाएगी गम्बूसिया मछली

नालियों की तलीझाड़ सफाई के निर्देश

प्लास्टिक बैंक और कूड़ेदान का निर्माण

15वें वित्त आयोग से होगा खर्च

चंदौली जनपद को संचारी रोगों से मुक्त बनाने और आम जनमानस को गंभीर बीमारियों से बचाने के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) नीरज कुमार सिन्हा ने कमर कस ली है। उन्होंने एक आधिकारिक पत्र के माध्यम से जिले के समस्त ग्राम प्रधानों, निगरानी समितियों और ग्राम पंचायतों को निर्देशित किया है कि 01 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चलने वाले 'विशेष संचारी रोग अभियान' को सर्वोच्च प्राथमिकता पर लेकर सफल बनाएं। डीपीआरओ ने स्पष्ट किया कि अप्रैल का महीना मच्छरों और संचारी रोगों के पनपने के लिए सबसे अनुकूल होता है, इसलिए इसकी रोकथाम के लिए जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई अनिवार्य है।

स्वच्छता और लार्वा नियंत्रण के लिए 9 सूत्रीय गाइडलाइन
अभियान की सफलता के लिए डीपीआरओ ने विस्तृत कार्ययोजना जारी की है, जिसके मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:---

1- सार्वजनिक परिसरों की सफाई: ग्राम पंचायत के सभी सरकारी भवनों और सार्वजनिक स्थानों पर झाड़ियों की कटाई और गहन सफाई सुनिश्चित की जाए।

2- नालियों का कायाकल्प: नालियों की 'तलीझाड़' सफाई कराई जाए और उससे निकलने वाले सिल्ट (कीचड़) को अगले दिन तक अनिवार्य रूप से निस्तारित किया जाए ताकि वह दोबारा नालियों में न जाए।

3- शौचालय का उपयोग: मुख्य मार्गों के किनारे गंदगी न हो, इसके लिए ग्रामीणों को शौचालय के नियमित प्रयोग के लिए प्रेरित किया जाए।

4- कूड़ा प्रबंधन: नहरों और ठेले-खोमचों के पास कूड़ेदान या 'प्लास्टिक बैंक' बनाए जाएं। कूड़ा वाहनों के जरिए कचरे का सुरक्षित निस्तारण किया जाए।

5- तालाबों में गम्बूसिया मछली: आबादी के भीतर स्थित तालाबों की जाल लगाकर सफाई हो और मच्छरों के लार्वा को खत्म करने के लिए उनमें 'गम्बूसिया' मछली डाली जाए।

6- फागिंग और छिड़काव: नालियों और जलजमाव वाले स्थानों पर एंटीलार्वा छिड़काव के साथ-साथ फागिंग मशीन से धुआं कराया जाए।

निगरानी के साथ-साथ बजट की व्यवस्था
डीपीआरओ ने निर्देश दिया है कि इन कार्यों पर होने वाले व्यय का भुगतान 15वें वित्त आयोग की निधि से किया जा सकता है। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए हर गतिविधि की फोटो और वीडियो अनिवार्य रूप से निर्धारित ग्रुप पर प्रेषित करनी होगी। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील की है कि प्रत्येक रविवार को अपने घर के फ्रिज, कूलर, गमले और टायरों में जमा पानी को खाली करें।

जिला पंचायत राज अधिकारी ने जोर देकर कहा है कि ग्राम पंचायतों का संचारी रोग मुक्त होना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता होगी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से इस पुनीत कार्य में अपना अमूल्य योगदान देने का आह्वान किया है।