उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ पूजा का भव्य समापन, कल्याणपुर अमृत सरोवर पर होगी 51 हजार दीपों की देव दीपावली
 

छठ पर्व के समापन के साथ ही कल्याणपुर ग्राम प्रधान गौतम तिवारी उर्फ विशाल तिवारी ने एक नई घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 5 नवंबर को अमृत सरोवर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा।
 

मंगलवार को चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न

माताओं ने प्रसाद ग्रहण करके किया इस कठिन व्रत का पारण

अब 5 नवंबर को अमृत सरोवर पर मनायी जाएगी देव दीपावली

कल्याणपुर के अमृत सरोवर को 51 हजार दीयों से सजाने की योजना

ग्राम प्रधान इस मौके पर देंगे इनाम

चंदौली जिले में आस्था और श्रद्धा के महापर्व छठ पूजा का भव्य समापन मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ हुआ। जिले के विभिन्न अमृत सरोवरों, गंगा घाटों, प्राचीन तालाबों और देवस्थानों पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाओं ने भगवान भास्कर को अर्घ्य देकर अपने चार दिवसीय निर्जला व्रत का पारण किया। इस दौरान माताओं और बहनों ने संतान की दीर्घायु और परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की।

अमृत सरोवर पर भव्य समापन
छठ पर्व के समापन पर कल्याणपुर ग्रामसभा के अमृत सरोवर पर व्रतियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सरोवर को दीपों, रंगोली और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और प्रकाश से आलोकित हो उठा।

5 नवंबर को मनेगी देव दीपावली
छठ पर्व के समापन के साथ ही कल्याणपुर ग्राम प्रधान गौतम तिवारी उर्फ विशाल तिवारी ने एक नई घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 5 नवंबर को अमृत सरोवर पर देव दीपावली का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस अवसर को खास बनाने के लिए सरोवर को रंग-बिरंगी रोशनी और 51 हजार दीपों से सजाने की योजना बनाई गई है।

ग्राम प्रधान ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य गांव में धार्मिक और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि देव दीपावली के दौरान सरोवर की सुंदर सजावट, आकर्षक रंगोली और दीप प्रज्ज्वलन में सक्रिय भागीदारी करने वाले ग्रामवासियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

इसी दिन सैयदराजा तालाब पर भी भव्य देव दीपावली का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। छठ पूजा के समापन के साथ ही अब जिले में अगले उत्सव, यानी देव दीपावली की तैयारियां शुरू हो गई हैं।